बरखा बिष्ट ने सालों बाद बताई करण सिंह ग्रोवर संग ब्रेकअप की वजह, बोलीं- 'समस्या यह थी कि हम दोनों...'
हाल ही में, बरखा बिष्ट ने अपने और करण सिंह ग्रोवर के पास्ट रिलेशनशिप और ब्रेकअप के बारे में बात की। साथ ही बताया कि उनका रिश्ता क्यों टूटा था।
टीवी एक्ट्रेस बरखा बिष्ट इस समय अपने एक हालिया इंटरव्यू को लेकर सुर्खियों में बनी हुई हैं, जिसमें उन्होंने इंद्रनील सेनगुप्ता संग हुए तलाक और अपने रूमर्ड रिलेशनशिप्स के बारे में खुलकर बात की थी। इंटरव्यू में उन्होंने टीवी के मशहूर अभिनेता करण सिंह ग्रोवर संग अपने पिछले रिश्ते पर भी बात की और बताया कि आखिर उनका ब्रेकअप क्यों हुआ था। बरखा कहती हैं, "हमने दो साल तक डेट किया। करण बहुत काइंड था, जिसकी वजह से मैं अट्रैक्ट हुई। क्योंकि मुंबई में लोग हमेशा दयालु नहीं होते। इसलिए, जब भी मुझे काइंडनेस मिलती है, तो उसकी ओर आकर्षित हो जाती हूं। वह बहुत अच्छा दिखता है, सिक्स-पैक एब्स, मेरा मतलब है मैं तब सिर्फ 23 साल की थी! लेकिन फिर हम अलग हो गए। यह मुंबई में मेरा पहला दिल टूटने जैसा था।" उसी इंटरव्यू में बरखा बिष्ट ने खुलासा किया कि जैसे-जैसे वे मैच्योर होते गए, वैसे-वैसे लाइफ के प्रति उनका नजरिया बदलता गया। दोनों के विचार अलग थे, जिसकी वजह से वे दूर हो गए। बरखा ने कहा, "कुछ भी गलत नहीं हुआ। जीवन के प्रति हमारा नजरिया और विचार अलग-अलग थे। वह मुझसे दो साल छोटा भी था। जैसे-जैसे हम उन दो सालों में बड़े होते गए, यह अंतर और साफ होता गया। यही समस्या थी। मैं आज भी उनसे बहुत प्यार करती हूं और मैं चाहती हूं कि वह जहां भी हों, खुश हों।"