Amarnath Yatra 2025: अमरनाथ यात्रा में इस बार नहीं होगा धुएं और शोर का झंझट, बिजली पहुंचाने की खास तैयारी!
इस साल श्री अमरनाथ यात्रा के दौरान भक्तों को पवित्र गुफा तक बिना रुकावट बिजली पहुंचाने के लिए भूमिगत केबलिंग के जरिए ग्रिड से कनेक्टिविटी जोड़ी जाएगी।
इस साल श्री अमरनाथ यात्रा में श्रद्धालुओं को जनरेटर के शोर और धुएं से राहत मिलेगी। प्रशासन ने यात्रा मार्ग से लेकर पवित्र गुफा तक बिजली की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए भूमिगत केबलिंग के जरिए ग्रिड कनेक्टिविटी बहाल करने की योजना बनाई है। तीन जुलाई से शुरू होकर 38 दिन तक चलने वाली इस यात्रा की तैयारियां प्रशासन ने जोर-शोर से शुरू कर दी हैं। बिजली विभाग के कर्मचारी पूरी मेहनत से पवित्र गुफा तक बिजली पहुंचाने का काम कर रहे हैं। सरकार ने भरोसा दिया है कि यात्रा शुरू होने से पहले बिजली की आपूर्ति पूरी तरह सुनिश्चित कर दी जाएगी। काम को तेजी से पूरा करने के लिए श्रमिकों के साथ मशीनों की भी मदद ली जा रही है। हर साल की तरह इस बार भी अमरनाथ यात्रा को सुरक्षित और सुचारु रूप से संचालित करने की पूरी तैयारी की जा रही है।