Indore Crime News : बड़े शहर की चमक-धमक देख हुए पागल, शुरू की वाहनों की चोरी, जानें फिर क्या हुआ अंजाम
Indore Crime News : इंदौर। एक छोटे से गांव से चलकर शहर मेहनत मजदूरी करने आने वाले युवा अब यहां की चमक धमक देखकर रास्ता भटकने लगे हैं । वह रातोंरात करोड़पति बनने के चक्कर में आपराधिक घटनाओं को अंजाम देने से भी नहीं चूकते। इसके बाद वे नशे के आदी भी हो जाते हैं जिसके बाद उनका अपराध और नशे के दलदल से निकल पाना लगभग नामुमकिन सा हो जाता है। एक ऐसा ही मामला इंदौर शहर में भी सामने आया है। बताया जाता है कि खंडवा निवासी दो युवक मुकेश और रितेश इंदौर की चमक-धमक देख अपराध की दुनिया में उतर गए। इन दोनों ने इंदौर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में कई वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया। घटनाएं जब लगातार बढ़ने लगीं तो पुलिस के भी कान खड़े हो गए। पुलिस ने जांच शुरू की तो दो नए युवाओंं के लगातार इन वारदातों के अंजाम देने की बात सामने आई। पुलिस ने खुफिया इनपुट के आधार पर दोनों को गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान इनके पास से 10 से अधिक टू व्हीलर गाड़ियां जब्त की गईं। पुलिस इन दोनों आरोपियों से लगातार पूछताछ कर सभी वारदातों की जानकारी जुटानें में लगी हुई है।