Real-Life Thugs Bunty-Babli : मोहब्बत चढ़ी परवान, फिर..बंटी बबली फिल्म देखकर बने चोर, जानें अब किस हाल में
Indore News : इंदौर। फिल्में भारतीय जनजीवन को गहरे से प्रभावित करतीं हैं। फिर जब प्यार को परवान चढ़ाने के लिए अपराध का सहारा लेने जैसे मुद्दों को ग्लैमराइज कर बड़े पर्दे पर दिखाया जाता है तो समाज में कई बंटी बबली पैदा हो जाते हैं। ऐसी ही एक घटना प्रयागराज में भी घटी जहां बचपन के प्यार को परवान चढ़ाने और रंगीन ख्वाब देखने वाले प्रेमी जोड़े ने फिल्म देखने के बाद अपने जीवन की दिशा ही बदल दी। ये दोनों बंटी-बबली फिल्म के पात्रों की तरह टप्पेबाजी और सोने के गहनों की चोरी में संलिप्त हो गए। पुलिस अब इनकी कारगुजारियों की जांच कर रही है। जहां प्रेमिका को गिरफ्तार किया जा चुका है, वहीं प्रेमी फरार है, पुलिस उसकी सरगर्मी से तलाश कर रही है। बताया जाता है कि प्रेमी जोड़ा उत्तर प्रदेश के प्रयागराज का रहने वाला है. दोनों ने साथ में यहीं एक सिनेमा हॉल में बंटी बबली फिल्म देखी जिसके बाद अपराध की दुनिया में कदम रखने का निर्णय लिया। जल्द लखपति बनने के चक्कर में प्रयागराज में ही कई नामचीन गोल्ड शोरूम में देखने के बहाने नकली से असली गोल्डचेन की अदला बदली करनी शुरु की और चंपत हो गए। उसके बाद उत्तर प्रदेश के कई शहरों जिसमें कानपुर , लखनऊ, मेरठ ,गाजियाबाद के साथ दिल्ली भी शामिल है, में वारदातों को अंजाम दिया. वहां रिपोर्ट होने पर पुलिस ने मामलों की जांच शुरू की पर उसे कोई खास सफलता नहीं मिली।