World Cancer Day 2026: विश्व कैंसर दिवस पर लखनऊ में निकाली गयी कैंसर जागरूकता रैली
इस रैली का मुख्य उद्देश्य कैंसर के प्रति जागरूकता फैलाना और समय-समय पर जांच व रोकथाम के उपायों को प्रोत्साहित करना था।
World Cancer Day 2026: प्रतिवर्ष की भाति इस वर्ष भी विश्व कैंसर दिवस के अवसर पर लखनऊ कैंसर इंस्टीट्यूट एवं Health Education Awareness & Learning (HEAL) Foundation द्वारा कैंसर जागरूकता अभियान के अन्तर्गत आज जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली का नेतृत्व लखनऊ कैंसर संस्थान की डायरेक्टर निर्मला पंत द्वारा किया गया।
रैली 1090 चैराहे से आरम्भ होकर लखनऊ कैंसर संस्थान, जियामऊ पर सम्पन्न हुई। इस रैली का मुख्य उद्देश्य कैंसर के प्रति जागरूकता फैलाना और समय-समय पर जांच व रोकथाम के उपायों को प्रोत्साहित करना था।
इन लोगों ने किया रैली का शुभारंभ
रैली का शुभारम्भ अजगरा, वाराणसी विधायक त्रिभुवन राम, प्रयागराज की पूर्व सांसद रीता बहुगुणा जोशी, डिविजनल कमिश्नर विजय विश्वास पंत, म्युनिसिपल कमिश्नर गौरव सिंह, लखनऊ के सीएमओ डॉ. एन.बी. सिंह, और डायरेक्टर नेशनल हेल्थ मिशन डॉ. अलका शर्मा द्वारा हरी झंडी दिखा कर किया गया।
रैली में अनेक प्रशासनिक अधिकारियों, चिकित्सकीय संस्थानों जैसे KGMU, SGPGI, RMLIMS इत्यादि के प्रतिनिधियों, पर्वतीय महापरिषद के प्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, भारत माता की जय, राष्ट्रीय स्वयं सेवकों, विश्व हिन्दु परिषद, उत्तराखण्ड महापरिषद के प्रतिनिधियों, स्वयं सेवी संस्थाओं जैसें सत्य सनातन नारी, वोमेन्स आर्मी क्लब, स्वयं सिद्धा वेलफेयर फाउन्डेशन, स्त्री वेलफेयर फाउन्डेशन, जीवनदीप फाउन्डेशन, साईदीप फाउन्डेशन, धनवन्तरि फाउन्डेशन, पृथ्वी इन्नोवेशन, आर्यव्रत बाइकर, विश्वमांगल्य सभा, अभ्युदय इनरव्हील क्लब, ट्रांसगोमती इनरव्हील क्लब, प्रेरणा इनरव्हील क्लब, वूमेन शाइन, सुनहरा भविष्य फाउन्डेशन गुरूकुल, माउन्ट लिटेरा स्कूल के बच्चों एवं कैंसर से ठीक हो चुके मरीज ने भी जागरूकता रैली में अपना योगदान दिया।
इस विशाल रैली में लगभग 800-900 लोगों ने भाग लिया। संस्था द्वारा राजकीय बालिका इण्टर कालेज, जियामऊ, लखनऊ, प्राइमरी विद्यालय, जियामऊ, (लखनऊ), राजकीय प्राथमिक विद्यालय, बमौरी (हल्द्वानी) उत्तराखण्ड, बाराबंकी, हरदोई आदि जिलों में लखनऊ कैंसर इंस्टीटयूट एवं हील फाउण्डेशन के तत्वाधान में सालभर विभिन्न गांवों में प्रतिदिन कैंसर क्लीनिक चलती है। इन जगहों पर भी रैली का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर अतिरिक्त मुख्य सचिव चिकित्सा स्वास्थ्य एवं शिक्षा अमित घोष ने नगर आयुक्त गौरव सिंह से कहा की लखनऊ कैंसर इंस्टीटयूट एवं हील फाउण्डेशन के साथ मिलकर ऐसी जगहों पर जागरूकता कार्यक्रम करें जहाँ लोग ज्यादा बीड़ी-सिगरेट ज्यादा पीते है।
रैली के समापन पर सभी विशिष्ट जनों ने इस दिशा में किये गये प्रयासों की सराहना की एवं उपस्थित चिकित्सकों ने प्रतिभागियों को कैंसर की रोकथाम, सही खान-पान और स्वस्थ जीवनशैली के महत्व, कैंसर से बचाव और शुरुआती लक्षणों की पहचान से संबंधित जानकारी दी। यहा उल्लेखनीय है कि भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री विनोद तावडे़ ने भी प्रंशसा पत्र भेजकर संस्थान के कार्यों की प्रंशसा की।
श्रीमती पन्त ने इस सफल आयोजन के लिए सभी प्रतिभागियों, स्वयंसेवकों, सहयोगियों और प्रशासन का आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी इसी तरह के जनहितकारी अभियानों को जारी रखने का संकल्प भी लिया।
बता दें की लखनऊ कैंसर संस्थान, कैंसर के प्रति जागरूकता अभियान में अग्रणी रहता है। यही नहीं कैंसर के मरीजों के बचाव के लिए संस्थान एक पूर्ण अस्पताल आयुष्मान भारत के मरीजों को समर्पित करने के लिए बना रहा है जो कि पुराने अस्पताल के बगल में है।