DU Admission 2024: दिल्ली यूनिवर्सिटी में BA LL.B और BBA LL.B के एडमिशन के लिए रजिस्ट्रेशन शुरू, इस दिन तक कर सकते है आवेदन
DU Admission 2024: दिल्ली विश्वविद्यालय यानी डीयू में बैचलर कोर्सों के लिए एडमिशन प्रोसेस (DU Admission 2024) शुरू कर दिया गया है। हाल ही में दिल्ली यूनिवर्सिटी ने अपने नए सत्र 2024-25 के लिए 5 साल के इंटीग्रेटेड लॉ कोर्स,BA LL.B (Honours) और BBA LL.B (Honours) के साथ ही दूसरे कोर्स के एडमिशन के लिए रजिस्ट्रेशन शुरू कर दिया है। इच्छुक व योग्य स्टूडेंट्स दिल्ली यूनिवर्सिटी की ऑफिशियल वेबसाइट admission.uod.ac.in पर जाकर अपना रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। बता दें कि दिल्ली यूनिवर्सिटी के लॉ कोर्स में एडमिशन कॉमन लॉ एडमिशन टेस्ट के स्कोर के आधार पर किया जाएगा। वहीं छात्र सिर्फ 25 मई तक ही अपना आवेदन कर सकते है। दिल्ली यूनिवर्सिटी के लॉ कोर्स में एडमिशन के लिए योग्यता किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 12वीं कक्षा या इसके समकक्ष पास होना जरूरी है। इसके साथ ही सामान्य वर्ग,ईडब्ल्यूएस और ओबीसी-एनसीएल श्रेणी के स्टूडेंट्स को न्यूनतम 45% अंक और एसटी,एससी,पीडब्लूबीडी (विकलांग व्यक्ति) में आने वाले स्टूडेंट्स को न्यूनतम 40% अंक होना आवश्यक है। इसके अलावा बीए एलएलबी (ऑनर्स) और बीबीए एलएलबी (ऑनर्स) कोर्सों में आवेदन के लिए स्टूडेंट्स को कॉमन लॉ एडमिशन टेस्ट यानी CLAT-2024 परीक्षा में शामिल होना अनिवार्य है। वहीं 2024 में जिन स्टूडेंट्स को 12वीं कक्षा में कंपार्टमेंट (पूरक) में रखा गया है। वह स्टूडेंट्स नए सत्र 2024-25 में एडमिशन लेने के योग्य नहीं माने जाएंगे।