केरल के समंदर में घुला जहर: कोच्चि के पास जहाज डूबा, खतरनाक रसायन फैलने से मचा हड़कंप

Sunil Sharma
Published on: 26 May 2025 11:32 AM IST
केरल के समंदर में घुला जहर: कोच्चि के पास जहाज डूबा, खतरनाक रसायन फैलने से मचा हड़कंप
X
कोच्चि तट से कुछ ही दूरी पर रविवार की सुबह एक बड़ा समुद्री हादसा हुआ, जिसने पूरे केरल को सतर्क कर दिया है। लाइबेरिया का मालवाहक जहाज़ MSC ELSA-3, जो 640 कंटेनरों के साथ यात्रा कर रहा था, अचानक समुद्र में पलट गया और डूब गया। सबसे चौंकाने वाली बात ये है कि इन कंटेनरों में कई खतरनाक रसायन, डीजल, और फर्नेस ऑयल भरे हुए थे, जो अब समुद्र में तेजी से फैल रहे हैं।

तेज़ी से फैल रहा है जहरीला तेल और रसायन

जहाज़ के डूबने के बाद से समुद्र में तेल और रासायनिक रिसाव की पुष्टि हो चुकी है। इंडियन कोस्ट गार्ड के अनुसार, पानी में 367.1 मीट्रिक टन फर्नेस ऑयल और 84.44 मीट्रिक टन डीजल मिला हुआ है। रिसाव की रफ्तार लगभग 3 किलोमीटर प्रति घंटे बताई जा रही है, जिससे समुद्री पारिस्थितिकी तंत्र और तटीय इलाकों को गंभीर खतरा हो सकता है।

कैल्शियम कार्बाइड: एक रसायन जो बना चिंता की वजह

जहाज़ के कंटेनरों में कैल्शियम कार्बाइड नामक रसायन भी मौजूद था, जो पानी के संपर्क में आते ही एसिटिलीन गैस छोड़ता है। ये गैस न सिर्फ अत्यधिक ज्वलनशील है बल्कि इसके साथ होने वाली रासायनिक प्रक्रिया में गर्मी और कैल्शियम हाइड्रॉक्साइड का निर्माण भी होता है, जो पानी को अत्यधिक क्षारीय बना देता है। इससे न सिर्फ जलीय जीवों की सेहत पर असर पड़ सकता है, बल्कि उनका अस्तित्व भी खतरे में पड़ सकता है। समुद्री पारिस्थितिकी के लिए ये स्थिति बेहद नाजुक मानी जा रही है।

तटीय इलाकों में हाई अलर्ट, मछुआरों को चेतावनी

केरल सरकार ने राज्यभर में हाई अलर्ट जारी कर दिया है। मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है और तटीय गांवों में सतर्कता बढ़ा दी गई है। आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (KSDMA) ने नागरिकों को आगाह किया है कि यदि उन्हें समुद्र किनारे कोई कंटेनर, तेल की परत या अन्य संदिग्ध वस्तु दिखे तो वे तुरंत पुलिस या आपदा विभाग को सूचित करें।

सभी क्रू मेंबर सुरक्षित

नौसेना की मुस्तैदी से जहाज़ पर सवार सभी 24 क्रू मेंबर्स को सुरक्षित निकाल लिया गया है। लेकिन अब असली चुनौती है समुद्र में फैले ज़हरीले रसायनों को नियंत्रित करना और तटीय इलाकों को सुरक्षित रखना।
यह भी पढ़ें:
ब्रह्मोस ने कैसे तबाह किया पाकिस्तान का सबसे खास विमान ? अब आया कबूलनामा ब्लैक आउट खत्म, बाजार भी खुले ! सीजफायर का ऐलान होते ही बदला बॉर्डर एरिया का नजारा? हमले से लेकर सीजफायर तक..... सेना अधिकारियों ने दी पूरी जानकारी, कहा- जरुरत पड़ी तो फिर होगी कार्रवाई
Sunil Sharma

Sunil Sharma

Next Story