वडोदरा में धूमधाम से मनाया महंत स्वामी महाराज का 92वां जन्मोत्सव, भक्तों का उमड़ा सैलाब

2 फरवरी 2026 को वडोदरा में परम पूज्य महंत स्वामी महाराज के 92वें जन्मजयन्ती महोत्सव का आयोजन अत्यंत भव्यता और गहन भक्तिभाव के साथ किया गया।

Surya Soni
Published on: 2 Feb 2026 11:26 PM IST
वडोदरा में धूमधाम से मनाया महंत स्वामी महाराज का  92वां जन्मोत्सव, भक्तों का उमड़ा सैलाब
X

Mahant Swami Maharaj: 2 फरवरी 2026 को वडोदरा में परम पूज्य महंत स्वामी महाराज के 92वें जन्मजयन्ती महोत्सव का आयोजन अत्यंत भव्यता और गहन भक्तिभाव के साथ किया गया। परम पूज्य महंत स्वामी महाराज की वाणी, प्रभाव, अहं-शून्यता और उच्च आध्यात्मिक स्थिति को दर्शाने वाली विशेष वीडियो प्रस्तुति के साथ, बी.ए.पी.एस. के वरिष्ठ संतों द्वारा उनके दिव्य जीवन, गुणों और कार्यों पर प्रकाश डालते हुए प्रेरणादायी उद्बोधन दिए गए। इस अवसर पर विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेन्द्रभाई पटेल तथा मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव जी का बी.ए.पी.एस. के वरिष्ठ संतों द्वारा स्वागत किया गया।


गुजरात-MP के CM भी रहे मौजूद

परम पूज्य महंत स्वामी महाराज के जन्मजयन्ती महोत्सव के अवसर पर गुजरात और मध्य प्रदेश, दोनों राज्यों के मुख्यमंत्रियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। परम पूज्य महंत स्वामी महाराज के जन्मदिवस के अवसर पर गुजरात के माननीय मुख्यमंत्री भूपेन्द्रभाई पटेल तथा मध्य प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री मोहन यादव जी ने अपनी शुभकामनाएँ अर्पित कीं और उनके आशीर्वाद प्राप्त किए। महंत स्वामी महाराज के जन्मस्थान जबलपुर का उल्लेख करते हुए माननीय मुख्यमंत्री मोहन यादव ने गौरव और आनंद की भावना व्यक्त की।


सत्संग दीक्षा का बना कीर्तिमान

परम पूज्य महंत स्वामी महाराज की प्रेरणा से बी.ए.पी.एस. संस्था के 3 से 13 वर्ष की आयु के 15,000 से अधिक बच्चों ने सत्संगदीक्षा ग्रंथ का एक वर्ष में संस्कृत में पूर्ण मुखपाठ किया। परम पूज्य महंत स्वामी महाराज द्वारा रचित 315 श्लोकों से युक्त सत्संगदीक्षा ग्रंथ आध्यात्मिक, नैतिक, सामाजिक और व्यावहारिक जीवन के लिए प्रेरणा प्रदान करता है। यह एक ऐतिहासिक और विरल उपलब्धि है कि किसी एक संस्कृत ग्रंथ का, उसके रचयिता की प्रत्यक्ष उपस्थिति में, 15,666 बालक-बालिकाओं द्वारा मात्र एक वर्ष में संपूर्ण ग्रंथ अर्थात 315 श्लोकों का सामूहिक मुखपाठ और गायन किया गया हो। 15,666 बच्चों में से कुल 12,723 बच्चे स्थल पर उपस्थित रहे, जिन्हें गिनिस वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के अधिकारियों द्वारा इस रिकॉर्ड के आधिकारिक पंजीकरण हेतु मान्यता प्रदान की गई।


भक्तों का उमड़ा सैलाब

जन्मदिवस समारोह में बी.ए.पी.एस. के 800 संतों तथा लगभग दो लाख भक्तों की स्थल पर उपस्थिति रही। इस भव्य आयोजन की योजना और तैयारियाँ तीन महीनों से अधिक समय तक चलीं, जिनमें बी.ए.पी.एस. के सैकड़ों संतों तथा 34 विभिन्न विभागों के 14,000 स्वयंसेवकों ने समर्पित भाव से सेवा की।


वडोदरा नगर निगम ने सुरक्षा, संरक्षा तथा आवश्यक सेवाओं के संदर्भ में पूर्ण सहयोग प्रदान कर इस ऐतिहासिक आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। यह समारोह ने सभी को विनम्रता, श्रद्धा और निष्काम सेवा की भावना के साथ जीवन जीने की प्रेरणा दी।


Surya Soni

Surya Soni

Next Story