शिंदे के 28 मंत्रियों ने चुनावी मैदान में दिखाया 100%परफॉर्मेंस, क्या फिर से मिलेगा कैबिनेट में मौका ?

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने इस्तीफा दे दिया है जिससे राज्य में नई सरकार के गठन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। हालांकि अभी तक मुख्यमंत्री के नाम पर सस्पेंस बना हुआ है।

Girijansh Gopalan
Published on: 26 Nov 2024 5:29 PM IST
शिंदे के 28 मंत्रियों ने चुनावी मैदान में दिखाया 100%परफॉर्मेंस, क्या फिर से मिलेगा कैबिनेट में मौका ?
X
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने मंगलवार को राज्यपाल से मिलकर अपना इस्तीफा सौंप दिया है। इसके साथ ही नए सरकार के गठन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। हालांकि नए सीएम के नाम पर अभी भी सस्पेंस बना हुआ है। वहीं राजनीतिक विशेषज्ञ अलग-अलग नामों पर कयास लगा रहे हैं। लेकिन अभी तक मुख्यमंत्री कौन बनेगा, इसको लेकर कोई नाम सामने नहीं आया है।

कौन बनेगा मुख्यमंत्री

महाराष्ट्र का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा, इसको लेकर राजनीतिक गलियारों में अलग-अलग नामों पर चर्चा हो रही है। हालांकि इसमें गौर करने वाली बात ये है कि महायुति गठबंधन ने 230 विधानसभा सीटों पर जीत हासिल की है, जिनमें से 132 पर भारतीय जनता पार्टी (BJP), एकनाथ शिंदे की शिवसेना को 57 और नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी (अजित पवार गुट) को 41 सीटों पर जीत मिली है। इन आंकड़ों के मुताबिक मुख्यमंत्री बीजेपी पार्टी की तरफ से किसी को होना चाहिए।

शिंदे की टीम मजबूत

महाराष्ट्र चुनाव के आंकड़ों के अलावा अगर उम्मीदवारों को देखा जाएगा, तो महाराष्ट्र में शिंदे कैबिनेट के सभी 28 मंत्री चुनाव जीतकर आए हैं। अब देखना ये होगा कि महायुति गठबंधन की तरफ से मुख्यमंत्री कौन होगा और क्या पूराने मंत्रिमंडल से भी मंत्रियों को नए मंत्रिमंडल में शामिल किया जाएगा।

कितने एमएलए बनेंगे मंत्री ?

बता दें कि महाराष्ट्र की कुल 288 विधानसभा सीटें है, जिसके लिहाज से मुख्यमंत्री समेत ज्यादा से ज्यादा 43 मंत्री बनाए जा सकते हैं. हालांकि माना जा रहा है कि इस बार मंत्रिमंडल का स्वरूप पिछली बार से अलग होगा। 2022 से लेकर 2024 तक चली शिंदे सरकार के मंत्रिमंडल में कुल 28 सदस्य थे, लेकिन इस बार मंत्रियों की संख्या ज्यादा होगी। महायुति में एक सीएम और दो डिप्टी सीएम थे। इसी तर्ज पर इस बार भी एक सीएम और दो डिप्टीसीएम का फॉर्मूला अपनाया जाएगा, तो कैबिनेट का स्वरूप में बड़ा नजर आएगा।

एकनाथ शिंदे का बीजेपी के साथ जुड़ाव

गौरतलब है कि एकनाथ शिंदे ने उद्धव ठाकरे खिलाफ बगावत करके बीजेपी के साथ सरकार बनाई थी। उस वक्त उनके साथ 38 शिवसेना विधायक थे। शिंदे सीएम और देवेंद्र फडणवीस डिप्टीसीएम बने थे। इसके अलावा बीजेपी और शिवसेना से 9-9 विधायक मंत्री बने थे। वहीं अजीत पवार एनसीपी के 40 विधायकों के साथ 2023 में महायुति सरकार का हिस्सा बने थे, तो अजीत पवार को डिप्टीसीएम और 8 विधायकों को मंत्री बनाया गया था। इस तरह से सीएम समेत 29 सदस्यीय मंत्रिमंडल था। 2024 के विधानसभा चुनाव में शिंदे समेत सभी मंत्रिमंडल के सदस्य चुनाव जीते हैं।

शिंदे सरकार का मंत्रीमंडल

बता दें कि शिंदे सरकार में बीजेपी कोटे से मंत्रिमंडल में चंद्रकांत पाटिल, सुधीर मुनगंटीवार, गिरीश महाजन, सुरेश खाड़े, राधाकृष्ण विखे पाटिल, रवींद्र चव्हाण, मंगल प्रभात लोढ़ा, विजयकुमार गावित और अतुल सावे मंत्री थे। इसी तरह शिंदे खेमे से दादा भुसे, संदीपन भुमरे, उदय सामंत, तानाजी सावंत, अब्दुल सत्तार, दीपक केसरकर, गुलाबराव पाटिल, संजय राठौड़ और शंभूराजे देसाई मंत्री थे। इसके बाद अजीत पवार के साथ आए एनसीपी मंत्री, धनंजय मुंडे, छगन भुजबल, दिलीप वाल्से पाटिल,अदिति तटकरे, हसन मुशरीफ, अनिल पाटिल, धर्मराव आत्राम और संजय बनसोडे थे।

महायुति सरकार में कितने होंगे मंत्री और मुख्यमंत्री

महायुति गठबंधन ने अभी तक मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा नहीं की है। लेकिन माना जा रहा है कि इस बार भी महाराष्ट्र में मुख्यमंत्री के साथ दो उपमुख्यमंत्री होंगे। इस बार विधानसभा चुनाव में महायुति 230 सीटें जीतकर आई है। इस चुनाव में शिंदे सरकार के सभी 28 मंत्री विधानसभा में वापस लौटे हैं। वहीं सीएम एकनाथ शिंदे, डिप्टी सीएम अजित पवार और देवेंद्र फडणवीस ने बड़े अंतर से जीत हासिल की है, तो बीजेपी, शिवसेना और एनसीपी के कोटे के सभी मंत्री चुनाव जीतकर विधायक बने हैं। ऐसे में बनने वाली महायुति की नई सरकार में सभी मंत्री एक बार फिर कैबिनेट का हिस्सा बन सकते हैं। इसके अलावा माना जा रहा है कि पांच से छह विधायक पर एक मंत्री पद का फॉर्मूला तय हो सकता है। इस लिहाज से 132 सीट जीतने वाली बीजेपी के 21 से 22 मंत्री बनाए जा सकते हैं, तो 56 सीटों पर जीतने वाली एकनाथ शिंदे की शिवसेना के 10 से 12 और अजित पवार की पार्टी एनसीपी के 10 मंत्री बन सकते हैं।
Girijansh Gopalan

Girijansh Gopalan

Next Story