साउथ अफ्रीका ने न्यूज़ीलैंड से किया हिसाब चुकता, पहले टी-20 में 7 विकेट से हराया

NZ vs SA 1st T20: टी-20 विश्वकप के सेमीफाइनल मुकाबले में न्यूज़ीलैंड की टीम ने साउथ अफ्रीका को हराया था। कीवी टीम से मिली हार के कारण अफ्रीका की टीम फाइनल में प्रवेश नहीं कर पाई।

Surya Soni
Published on: 15 March 2026 2:59 PM IST
NZ vs SA 1st T20
X

NZ vs SA 1st T20: टी-20 विश्वकप के सेमीफाइनल मुकाबले में न्यूज़ीलैंड की टीम ने साउथ अफ्रीका को हराया था। कीवी टीम से मिली हार के कारण अफ्रीका की टीम फाइनल में प्रवेश नहीं कर पाई। अब साउथ अफ्रीका ने उस हार का बदला न्यूज़ीलैंड को उसी के घर में जाकर लिया। बता दें रविवार यानी आज से साउथ अफ्रीका और न्यूज़ीलैंड के बीच पांच मैचों की टी-20 सीरीज का आगाज हुआ। पहले ही मुकाबले में अफ्रीका की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 7 विकेट से जीत दर्ज की।

पहले टी-20 में 7 विकेट से हराया

साउथ अफ्रीका के खिलाफ इस मैच में कीवी टीम के कप्तान मिचेल सैंटनर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया है। पहले बल्लेबाज़ी करते हुए न्यूज़ीलैंड की टीम सिर्फ 91 रनों पर ढेर हो गई। इस मैच में अफ्रीका की टीम के गेंदबाज़ो का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला। अफ्रीका की तरफ से नकोबानी मोकोएना ने कहर बरपाते हुए तीन विकेट हासिल किए। गेराल्ड कोएट्जी और ओटनेल बार्टमन ने दो-दो सफलता हासिल की।

कीवी टीम की बल्लेबाज़ी रही काफी ख़राब

अफ्रीका के खिलाफ इस मुकाबले में न्यूज़ीलैंड के बल्लेबाज़ों ने अपने फैंस को काफी निराश किया। कीवी टीम का टॉप ऑर्डर पूरी तरह नाकाम रहा। न्यूज़ीलैंड के टॉप चार बल्लेबाज़ तो दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू पाए। कीवी टीम के लिए इस मुकाबले में जिमी नीशम ने सर्वाधिक 26 रन बनाए। इस तरह मेजबान टीम सिर्फ 91 रनों पर ढेर हो गई। इसके जवाब में अफ्रीका की टीम ने तीन विकेट खोकर लक्ष्य को हासिल कर लिया।

अफ्रीका के प्रमुख खिलाड़ी नहीं टीम में शामिल

बता दें न्यूज़ीलैंड के खिलाफ इस सीरीज में अफ्रीका की बिल्कुल नई टीम न्यूज़ीलैंड दौरे पर गई है। अफ़्रीकी टीम के कई प्रमुख खिलाड़ी, जिन्होंने टी-20 विश्वकप में हिस्सा लिया था वो इस सीरीज में आराम कर रहे हैं। ऐसे में युवा खिलाड़ियों से लबरेज अफ्रीका ने पहले मुकाबले में न्यूज़ीलैंड को हराकर बड़ा उलटफेर कर दिया।

Surya Soni

Surya Soni

Next Story