Russia Ukraine War: भाड़े के सैनिकों के खेल में यूक्रेन भी शामिल, ब्रिटिश सैनिक गिरफ्तार

यूक्रेन की मदद करने वाले पूर्व ब्रिटिश सैनिक जेम्स स्कॉट रूस के कब्जे में, परिवार चिंतित। क्या यह घटना अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नए संकट का कारण बनेगी?

Vyom Tiwari
Published on: 26 Nov 2024 8:25 PM IST
Russia Ukraine War: भाड़े के सैनिकों के खेल में यूक्रेन भी शामिल, ब्रिटिश सैनिक गिरफ्तार
X
Russia Ukraine War: रूस और यूक्रेन के बीच का युद्ध अब मात्र दो देशों का युद्ध नहीं रह गया है इसमें अब विदेशी लड़ाकों का भी खुल कर इस्तेमाल हो रहा है जहां रूस पर लगातार आरोप लगते रहे हैं कि वह नॉर्थ कोरिया और यमन के हूती लड़ाकों की भर्ती अपनी सेना में कर रहा है वही अब यूक्रेन की तरफ से लड़ रहे ब्रिटिश सैनिक को रूस ने गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार ब्रिटिश सैनिक कौन है?

रूसी मीडिया के अनुसार, गिरफ्तार किए गए व्यक्ति का नाम जेम्स स्कॉट रीस एंडरसन है। वह 22 साल का है और पहले ब्रिटिश सेना में काम कर चुका है। जेम्स ने 2019 से 2023 तक ब्रिटिश सेना में सेवा दी थी। उसके बाद वह नौकरी से निकाल दिया गया था। जेम्स ने एक वीडियो में बताया कि उसने नौकरी खोने के बाद यूक्रेन की इंटरनेशनल लीजन के लिए ऑनलाइन आवेदन किया था। उसने इस फैसले को "बेवकूफी भरा" बताया। वह लंदन से पोलैंड गया और फिर वहां से यूक्रेन की सीमा तक पहुंच गया।

कहां से हुई गिरफ्तारी?

जेम्स को रूस के कुर्स्क क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया है। यह वही इलाका है जहां इस साल अगस्त में यूक्रेन ने अचानक से हमला किया था। यूक्रेन ने वहां की करीब 1,000 वर्ग किलोमीटर जमीन पर कब्जा कर लिया था। रूस ने इस इलाके को वापस लेने के लिए बड़ी तैयारी की है। वहां करीब 50,000 सैनिक तैनात किए गए हैं। इनमें उत्तर कोरिया के सैनिक भी शामिल हैं। दोनों देशों के बीच इस इलाके में भीषण लड़ाई चल रही है।

जेलेंस्की ने की थी अपील 

यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की ने फरवरी 2022 में विदेशी नागरिकों से रूस के खिलाफ लड़ने की अपील की थी, जिसके बाद हजारों लोग यूक्रेन की सेना में शामिल हुए थे। इस घटना से अंतरराष्ट्रीय कानून और युद्धबंदियों के अधिकारों पर भी सवाल उठ सकते हैं। रूस ने पहले भी विदेशी लड़ाकों को 'आतंकवादी' या 'भाड़े के सैनिक' करार दिया था, जो उन्हें जेनेवा कन्वेंशन के तहत मिलने वाले संरक्षण से वंचित कर सकता है।
Vyom Tiwari

Vyom Tiwari

Next Story