क्रिकेट और राजनीति का अनूठा मिलन: जानिए कौन हैं प्रिया सरोज, जो बनेंगी रिंकू सिंह की दुल्हन

क्रिकेटर रिंकू सिंह और युवा सांसद प्रिया सरोज की सगाई 8 जून को लखनऊ में होगी। जानें प्रेम कहानी, प्रिया का सफर और शादी की तैयारियां।

Rohit Agrawal
Published on: 2 Jun 2025 12:35 PM IST
क्रिकेट और राजनीति का अनूठा मिलन: जानिए कौन हैं प्रिया सरोज, जो बनेंगी रिंकू सिंह की दुल्हन
X
Rinku Singh and Priya Saroj got engaged: भारतीय क्रिकेट के चर्चित खिलाड़ी रिंकू सिंह और समाजवादी पार्टी की युवा सांसद प्रिया सरोज का प्रेम प्रसंग अब शादी के बंधन में बंधने को तैयार है। 8 जून को लखनऊ में होने वाली इनकी सगाई ने सोशल मीडिया से लेकर राजनीतिक और क्रिकेट कॉरिडोर तक में चर्चा का विषय बना दिया है। आखिर कौन हैं प्रिया सरोज, जो न सिर्फ भारत की सबसे युवा सांसदों में शुमार हैं, बल्कि अब एक क्रिकेट स्टार की जीवनसंगिनी बनने जा रही हैं?

प्रिया का राजनैतिक सफ़र कैसा रहा?

26 वर्षीय प्रिया सरोज ने 2024 के लोकसभा चुनाव में पहली बार चुनाव लड़ा और मछलीशहर सीट से भारी मतों से जीत हासिल की। वह बीजेपी के दिग्गज नेता बीपी सरोज को 35 हजार से अधिक वोटों के अंतर से हराकर संसद पहुंची हैं। प्रिया ने अपने पिता तुफानी सरोज की विरासत को आगे बढ़ाया है, जो खुद तीन बार सांसद रह चुके हैं और वर्तमान में केराकत सीट से समाजवादी पार्टी के विधायक हैं। वाराणसी के करखियांव गांव की रहने वाली प्रिया ने राजनीति में आने से पहले वकालत की पढ़ाई की थी और सुप्रीम कोर्ट में प्रैक्टिस भी की थी।

प्रिया का शैक्षणिक दौर क्या रहा?

प्रिया सरोज ने नई दिल्ली स्थित एयर फोर्स गोल्डन जुबली इंस्टीट्यूट से अपनी स्कूली शिक्षा पूरी की। इसके बाद उन्होंने नोएडा की एमिटी यूनिवर्सिटी से एलएलबी की डिग्री हासिल की। कानून की डिग्री लेने के बाद उन्होंने सुप्रीम कोर्ट में प्रैक्टिस शुरू की, लेकिन पारिवारिक विरासत और समाज सेवा के जज्बे ने उन्हें राजनीति की ओर मोड़ दिया। उनकी शैक्षणिक पृष्ठभूमि और वकील होने के नाते उनके तर्कसंगत विचारों ने उन्हें युवाओं के बीच एक अलग पहचान दिलाई है।

रिंकू के साथ लव स्टोरी कैसे हुई शुरू?

प्रिया सरोज और रिंकू सिंह की मुलाकात करीब एक साल पहले हुई थी और धीरे-धीरे यह मुलाकात प्यार में बदल गई। रिंकू सिंह, जो कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए खेलते हैं, 2023 के आईपीएल में एक मैच के आखिरी ओवर में लगाए गए पांच छक्कों के बाद रातों-रात स्टार बन गए थे। अलीगढ़ के रहने वाले रिंकू ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भी अपनी जगह बनाई है। प्रिया के पिता तुफानी सरोज ने बताया कि दोनों एक-दूसरे को पसंद करते थे, लेकिन शादी के लिए परिवार की सहमति जरूरी थी, जो उन्हें मिल गई है।

लखनऊ में होगा ग्रैंड वेडिंग सेलिब्रेशन

8 जून को लखनऊ में होने वाली सगाई के बाद दोनों परिवारों ने शादी की तैयारियां शुरू कर दी हैं। यह शादी क्रिकेट और राजनीति के गलियारों के बीच एक अनूठे मेल का प्रतीक बनने जा रही है। प्रिया सरोज जहां एक ओर युवाओं के लिए प्रेरणा हैं, वहीं रिंकू सिंह ने अपने क्रिकेट के जौहर से लाखों दिलों में जगह बनाई है। अब देखना दिलचस्प होगा कि यह अनूठा जोड़ा अपने करियर और निजी जीवन में कैसे संतुलन बनाता है। एक बात तो तय है कि क्रिकेट और राजनीति के इस मिलन ने सोशल मीडिया पर एक नई चर्चा छेड़ दी है।
यह भी पढ़ें: CDS अनिल चौहान के बयान पर हमलावर हुआ विपक्ष, क्या मोदी सरकार ने ऑपरेशन सिंदूर पर छुपाए थे तथ्य? Sharmistha Panauli Controversy: कितना गंभीर है यह मामला और क्यों एक सोशल मीडिया पोस्ट ने बना दिया शर्मिष्ठा को 'राष्ट्रीय अपराधी'?
Rohit Agrawal

Rohit Agrawal

Next Story