Haryana Election: विनेश फोगाट और बजरंग पूनिया का चुनावी रास्ता साफ, रेलवे ने मंजूर किया इस्तीफा

Vibhav Shukla
Published on: 9 Sept 2024 12:49 PM IST
Haryana Election: विनेश फोगाट और बजरंग पूनिया का चुनावी रास्ता साफ, रेलवे ने मंजूर किया इस्तीफा
X
Haryana Election: भारतीय रेलवे ने सोमवार को पहलवान विनेश फोगाट और बजरंग पूनिया के इस्तीफे को मंजूर कर लिया है। दोनों ने शुक्रवार को कांग्रेस पार्टी में शामिल होने से पहले रेलवे की नौकरी से इस्तीफा दे दिया था। कांग्रेस ने इन दोनों को पार्टी में महत्वपूर्ण स्थान देकर चुनावी दांव खेला है। विनेश फोगाट को हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए जुलाना से टिकट मिला है, जबकि बजरंग पूनिया को पार्टी के किसान विंग में शामिल किया गया है।

इस्तीफे की मंजूरी से राहत

विनेश फोगाट के लिए इस्तीफा मंजूर होना एक बड़ी राहत की बात है। अब उनके चुनाव लड़ने का रास्ता पूरी तरह से साफ हो गया है। अगर उनका इस्तीफा स्वीकार नहीं होता, तो उन्हें चुनावी दंगल में उतरने के लिए कई कानूनी बाधाओं का सामना करना पड़ सकता था। भारतीय कानून के अनुसार, किसी सरकारी पद पर बैठे व्यक्ति को चुनाव लड़ने के लिए पहले अपने विभाग से इस्तीफा देकर एनओसी (नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट) प्राप्त करनी होती है। नामांकन के समय एनओसी को भी दस्तावेजों में शामिल करना पड़ता है, तभी रिटर्निंग ऑफिसर आवेदन को स्वीकार करता है। हरियाणा विधानसभा चुनाव 5 अक्टूबर को होने वाले हैं, और नामांकन की अंतिम तारीख 12 सितंबर है। इस समय विनेश फोगाट के इस्तीफे की मंजूरी से उनके चुनावी अभियान को गति मिली है।
Julana Assembly Constituency

विनेश को जुलाना से टिकट

कांग्रेस ने विनेश फोगाट को उनकी ससुराल जुलाना से विधानसभा चुनाव का टिकट दिया है। जुलाना सीट पर कांग्रेस की लंबे समय से जीत की उम्मीदें हैं। आखिरी बार कांग्रेस ने इस सीट पर 2005 में जीत दर्ज की थी। पार्टी ने विनेश को उम्मीदवार बनाकर एक बड़ा दांव खेला है ताकि उसकी गिरती साख को फिर से मजबूत किया जा सके। विनेश फोगाट का मुकाबला मौजूदा जननायक जनता पार्टी (JJP) विधायक अमरजीत ढांडा से होगा। 2019 के विधानसभा चुनाव में जेजेपी ने जीत हासिल की थी और अमरजीत ढांडा ने बीजेपी के परमिंदर सिंह ढुल को 24,193 वोटों के अंतर से हराया था। ढांडा को 61,942 वोट मिले थे, जबकि ढुल को 37,749 वोट मिल पाए थे।  अब देखना यह है कि विनेश फोगाट इस चुनावी मुकाबले में अपनी किस्मत को कैसे आजमाती हैं।
ये भी पढ़ें- Rahul Gandhi US Visit: अमेरिका में छात्रों से बातचीत में बोले राहुल गांधी, 'अब कोई PM मोदी और BJP से नहीं डरता'
Vibhav Shukla

Vibhav Shukla

Next Story