पीएम मोदी ने की "द साबरमती रिपोर्ट" फिल्म की तारीफ, इन राज्यों में ये फिल्म टैक्स फ्री

"द साबरमती रिपोर्ट" फिल्म, जो गोधरा कांड की सच्चाई को उजागर करती है, राजस्थान, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश में टैक्स फ्री हो गई है।

Girijansh Gopalan
Published on: 20 Nov 2024 5:30 PM IST
पीएम मोदी ने की द साबरमती रिपोर्ट फिल्म की तारीफ, इन राज्यों में ये फिल्म टैक्स फ्री
X
द साबरमती रिपोर्ट फिल्म की चर्चा इन दिनों पूरे देशभर में हो रही है। वहीं राजस्थान सरकार ने द साबरमती रिपोर्ट फिल्म को राजस्थान में टैक्स फ्री करने का निर्णय लिया है। सीएम भजनलाल शर्मा ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर इसकी जानकारी दी है। बता दें कि राजस्थान में इस फिल्म के टैक्स फ्री होने के बाद इसके टिकट काफी सस्ते हो जाएंगे।

राजस्थान में द साबरमती रिपोर्ट फिल्म टैक्स फ्री

राजस्थान के सीएम भजनलाल शर्मा ने लिखा कि हमारी सरकार ने "द साबरमती रिपोर्ट" फिल्म को राजस्थान में कर-मुक्त (टैक्स फ्री) करने का सार्थक निर्णय लिया है। यह फिल्म इतिहास के उस भयावह काल-खंड को यथार्थ रूप में दर्शाती है, जिसे कुछ स्वार्थी तत्वों ने अपने निहित स्वार्थों की पूर्ति के लिए विकृत करने का कुत्सित प्रयास किया। यह फिल्म न केवल तत्कालीन व्यवस्था की वास्तविकता को प्रभावशाली रूप से उजागर करती है, बल्कि उस समय प्रचारित किए गए भ्रामक एवं मिथ्या नैरेटिव का भी खंडन करती है। इस दुर्भाग्यपूर्ण एवं हृदयविदारक घटना को फिल्म में अत्यंत संवेदनशीलता के साथ प्रस्तुत किया गया है। उन्होंने कहा कि यह फिल्म इसलिए भी अवश्य देखी जानी चाहिए, क्योंकि यह अतीत का गहन एवं विवेचनात्मक अध्ययन ही हमें वर्तमान को समझने और भविष्य के लिए मार्गदर्शन प्रदान कर सकता है।

छत्तीसगढ़ में भी टैक्स फ्री

बता दें कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने ‘द साबरमती रिपोर्ट’ फिल्म को छत्तीसगढ़ में टैक्स फ्री करने की घोषणा की है। इस फिल्म में 22 साल पहले गुजरात के गोधरा में हुए ट्रेन में आग लगने की कहानी की सच्चाई को दिखाने की कोशिश की गई है।

मध्य प्रदेश में टैक्स फ्री

इसके अलावा मध्य प्रदेश के सीएम डॉ. मोहन यादव ने बीते मंगलवार को ‘द साबरमती रिपोर्ट’ फिल्म को टैक्स फ्री करने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि वह खुद मंत्रियों और विधायकों के साथ इस फिल्म को देखने के लिए जाएंगे।

PM मोदी ने की तारीफ

बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी रविवार को फिल्म की तारीफ कर चुके हैं। उन्होंने एक यूजर की साबरमती रिपोर्ट पर की गई पोस्ट को X पर शेयर कर लिखा था कि “यह अच्छी बात है कि सच सामने आ रहा है, वो भी इस तरह से कि आम जनता भी इसे देख सके। झूठी धारणा सिर्फ कुछ वक्त कायम रह सकती है, हालांकि तथ्य सामने आता ही है।

15 नवंबर को रिलीज हुई है फिल्म

फिल्म ‘द साबरमती रिपोर्ट’ में विक्रांत मैसी, राशि खन्ना, और रिद्धि डोगरा लीड रोल में हैं। इस फिल्म का निर्देशन धीरज सरना ने किया है, जबकि इसे शोभा कपूर, एकता कपूर, अमूल वी. मोहन, और अंशुल मोहन ने प्रोड्यूस किया है। यह फिल्म 15 नवंबर 2024 को रिलीज हुई। फिल्म करने के बाद एक्टर विक्रांत मैसी ने कहा था कि उन्हें धमकियां मिल रही हैं।
Girijansh Gopalan

Girijansh Gopalan

Next Story