Pahalgam Attack: पहलगाम का दंश, पत्नी के साथ छुट्टियां मना रहा था जयपुर का CA...आतंकियों ने नाम पूछा और भून दिया!

Rajesh Singhal
Published on: 23 April 2025 4:18 PM IST
Pahalgam Attack: पहलगाम का दंश, पत्नी के साथ छुट्टियां मना रहा था जयपुर का CA...आतंकियों ने नाम पूछा और भून दिया!
X

Pahalgam Attack: जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में मंगलवार दोपहर हुए आतंकी हमले के बाद देशभर में आक्रोश है जहां इस हमले में अब तक 28 लोगों की जान चली गई है. वहीं 17 लोग अभी घायल बताए जा रहे हैं. इस कायराना हमले की जिम्मेदारी लश्कर-ए-तैयबा के विंग द रजिस्टेंस फ्रंट यानी TRF ने ली है. हमले के बाद इंटेलिजेंस सूत्रों का कहना है कि पहलगाम अटैक में दो फॉरेन और दो लोकल आतंकवादी शामिल थे. वहीं हमले का मास्टर माइंड सैफुल्लाह खालिद को बताया गया है जो पाक अधिकृत कश्मीर (PoK) से आतंक ऑपरेट करता है.

पहलगाम में हमला उस वक्त किया गया जब बैसरन घाटी में बड़ी तादाद में पर्यटक मौजूद थे. वहीं मृतकों में UP, गुजरात, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, कर्नाटक, तमिलनाडु और ओडिशा के पर्यटक हैं. (Pahalgam Attack)इसके अलावा नेपाल और UAE के एक-एक टूरिस्ट और 2 स्थानीय लोगों की भी जान गई है. बता दें कि जम्मू-कश्मीर में 14 फरवरी 2019 को हुए पुलवामा अटैक के बाद ये सबसे बड़ा हमला है. 2019 में पुलवामा में CRPF के काफिले पर फिदायीन हमला हुआ था जिसमें 40 जवान शहीद हुए थे. वहीं इस दर्दनाक हमले में जयपुर के रहने वाले 30 वर्षीय नीरज उधवानी भी मारे गए. जानकारी के मुताबिक मंगलवार दोपहर को आतंकियों ने जब हमला किया तब नीरज और उनकी पत्नी आयुषी पहलगाम में छुट्टियां मना रहे थे. मृतक की पत्नी आयुषी ने अपने परिजनों को बताया कि आतंकी “नाम पूछ रहे थे और पुरुषों को गोली मार रहे थे और महिलाओं और बच्चों को अलग कर रहे थे”

पत्नी के साथ गए थे पहलगाम घूमने

मीडिया से बात करते हुए मृतक नीरज के चाचा भगवान दास उधवानी ने बताया कि आतंकवादी हमले के बारे में सुनकर उनके भाई किशोर जो कि आयकर विभाग में हैं ने अपने समकक्षों से मदद मांगी. जानकारी के मुताबिक नीरज भगवान के बड़े भाई प्रदीप कुमार उधवानी के बेटे थे, प्रदीप का कुछ साल पहले ही निधन हो गया था. वहीं किशोर अपनी मां के साथ जयपुर में रहते हैं जबकि नीरज दुबई संयुक्त अरब अमीरात में नौकरी करता था. भगवान के मुताबिक "वह दुबई में रहता था और वहीं काम करता था. हाल में वह शिमला में एक शादी में शामिल होने के लिए भारत आया हुआ था जहां वह और उसकी पत्नी आयुषी दुबई के अपने कुछ दोस्तों के साथ शादी में शामिल होने के लिए वहां गए थे. शादी के बाद उनके दोस्त लोग कहीं और चले गए और नीरज अपनी पत्नी के साथ कुछ दिनों की छुट्टियां मनाने के लिए पहलगाम चला गया था. उन्हें कुछ दिनों में दुबई वापस जाना था.

2023 में हुई थी नीरज की शादी

बता दें कि नीरज और आयुषी की शादी फरवरी 2023 में हुई थी और उनके कोई संतान नहीं थी. फिलहाल उनके पार्थिव शरीर के साथ आयुषी, उनके भाई किशोर और अन्य लोग दिल्ली से होते हुए जयपुर आ रहे हैं. बताया जा रहा है कि बुधवार शाम तक नीरज का शव जयपुर पहुंच जाएगा. यह भी पढ़ें: PM मोदी का पाक को संदेश, भारत पहुंचने से पहले ही रणनीतिक कदम उठाए, पूरी दुनिया हैरान! Pahalgam Terror Attack: भारत में हमले के बाद पाकिस्तान में अचानक जगाने लगी देशभक्ति, इस मंत्री ने किया ट्वीट?
Rajesh Singhal

Rajesh Singhal

Next Story