पहली पोस्टिंग के लिए जा रहे युवा IPS अधिकारी की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत

कर्नाटक में 26 वर्षीय IPS अधिकारी हर्ष वर्धन की ट्रेनिंग के बाद पहली नियुक्ति लेने जाते समय सड़क दुर्घटना में मृत्यु, परिवार और पुलिस बल में शोक की लहर

Vyom Tiwari
Published on: 2 Dec 2024 4:16 PM IST
पहली पोस्टिंग के लिए जा रहे युवा IPS अधिकारी की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत
X
IPS officer dies in road accident: कर्नाटक में एक दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे देश को हिला कर रख दिया है। एक युवा और होनहार IPS अधिकारी, जो अपनी पहली नियुक्ति के लिए उत्साहित थे, की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई।

26 वर्ष के थे हर्ष 

26 वर्षीय हर्ष वर्धन, जो 2023 बैच के IPS अधिकारी थे, रविवार शाम को हसन जिले में अपनी पहली नियुक्ति लेने जा रहे थे। वे कर्नाटक पुलिस अकादमी, मैसूर में अपना चार सप्ताह का प्रशिक्षण पूरा करके होलेनरसीपुर में प्रोबेशनरी सहायक पुलिस अधीक्षक के रूप में कार्यभार संभालने जा रहे थे। दुर्भाग्य से, हसन तालुक के किट्टाने के पास उनकी पुलिस गाड़ी का टायर फट गया। इस कारण चालक ने गाड़ी पर से नियंत्रण खो दिया और वाहन सड़क किनारे एक घर और पेड़ से टकरा गया। इस भीषण दुर्घटना में हर्ष वर्धन को गंभीर सिर की चोटें आईं और उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।

लाख कोशिशों के बावजूद नहीं बची जान 

इस दुर्घटना में हर्ष बर्धन को सिर में गंभीर चोटें आईं। उन्हें तुरंत हासन के जनप्रिया अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने उन्हें बेंगलुरु के एक बड़े अस्पताल में स्थानांतरित करने का प्रयास किया, लेकिन दुर्भाग्य से इलाज के दौरान ही उनकी मृत्यु हो गई। वाहन चालक मंजेगौड़ा को मामूली चोटें आईं और वह हासन में उपचार प्राप्त कर रहा है।

कर्नाटक कैडर हुए थे चयनित 

हर्ष वर्धन मध्य प्रदेश के जबलपुर के रहने वाले थे। वे सिविल इंजीनियरिंग के स्नातक थे और उनके पिता उप-मंडल अधिकारी (एसडीएम) हैं। अपने कठिन परिश्रम और समर्पण के बल पर उन्होंने IPS की परीक्षा पास की थी और कर्नाटक कैडर में चयनित हुए थे।

कर्नाटक के मुख्यमंत्री ने दी श्रद्धांजलि

इस दुखद घटना पर कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा, “यह बहुत दुखद है कि ऐसी दुर्घटना तब हुई जब वर्षों की कड़ी मेहनत का फल मिलने वाला था। मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि हर्ष वर्धन की आत्मा को शांति मिले। मृतक के परिवार के प्रति मेरी संवेदनाएं।” पूर्व मुख्यमंत्री सदानंद गौड़ा ने भी इसे एक ‘दुखद क्षति’ बताया। उन्होंने कहा, “भारत ने एक समर्पित युवा अधिकारी खो दिया है।”
Vyom Tiwari

Vyom Tiwari

Next Story