Weather Update: उत्तर भारत में बारिश की सम्भावना तो वहीं पहाड़ी क्षेत्रों में चलेगी शीतलहर

राज्यों में दिन और रात के समय हल्का कोहरा भी रहेगा। वहीं, पहाड़ी इलाकों जैसे जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कई हिस्सों में मौसम शुष्क रहेगा।

Vyom Tiwari
Published on: 24 Jan 2025 11:31 AM IST
Weather Update: उत्तर भारत में बारिश की सम्भावना तो वहीं पहाड़ी क्षेत्रों में चलेगी शीतलहर
X
इस बार सर्दियों में भी गर्मी ने अपना असर दिखाया है। पिछले कुछ दिनों से दिल्ली और एनसीआर में तेज धूप के कारण लोगों को गर्मी महसूस हो रही है। बुधवार रात हल्की बारिश के बाद गुरुवार को फिर धूप निकली, जिससे तापमान में ज्यादा फर्क नहीं पड़ा, लेकिन यह सामान्य से ज्यादा था। पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में भी दिन और रात के दौरान हल्का कोहरा देखा जा रहा है। वहीं, पहाड़ी राज्यों जैसे जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में मौसम सूखा बना हुआ है। हिमाचल में इस बार कम बारिश और हिमपात होने के कारण तापमान बढ़ रहा है। गुरुवार को ऊना में अधिकतम तापमान 26.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

कहां-कहां पर हो सकती है बारिश

अरुणाचल प्रदेश में 24 जनवरी के आसपास हल्की बारिश या बर्फबारी हो सकती है। पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में भी 24 जनवरी को बारिश और बर्फबारी की संभावना है। इसके साथ ही पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। 23 और 24 जनवरी को जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद और हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में शीत लहर का असर हो सकता है। हिमाचल प्रदेश और बिहार में भी 23 जनवरी को ठंड बढ़ सकती है।
Winter temperature

एक दशक की सबसे कम ठंड

उत्तराखंड के मैदानी इलाकों में तापमान 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ चुका है। वहीं, कश्मीर में सर्दियों का सबसे ठंडा समय, जिसे चिल्लेकलां कहा जाता है, 31 जनवरी को शुष्क मौसम के साथ खत्म होगा। मौसम विभाग के अनुसार, इस महीने बारिश या हिमपात की कोई संभावना नहीं है। दिल्ली में इस साल सर्दी का मौसम सबसे कम ठंडा रहा है, और यहां सर्दी की चरम स्थिति 27 दिसंबर से 20 जनवरी के बीच होती है।

क्या सर्दी जल्दी खत्म हो जाएगी?

इस समय आमतौर पर तापमान सबसे कम होता है, लेकिन इस बार औसत न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2 डिग्री ज्यादा है। यह 2015-16 के बाद सबसे ज्यादा है। 19 जनवरी को मौसम में अचानक बदलाव आया और एक ही दिन में अधिकतम तापमान 5.5 डिग्री बढ़कर 25 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया। इसके बाद से तापमान ऊंचा बना हुआ है, और अब कई लोगों को लग रहा है कि इस साल सर्दी जल्दी खत्म हो जाएगी। मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि शुक्रवार सुबह अधिकांश जगहों पर स्मॉग और हल्का कोहरा रहेगा। पंजाब में भी पिछले कुछ दिनों से तेज धूप की वजह से तापमान बढ़ रहा है। जालंधर में इस बार जनवरी में सात साल बाद अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा हो गया है।
Winter temperature

पहाड़ों में बढ़ रही गर्मी 

गुरुवार को हिमाचल प्रदेश में अटल टनल के दोनों छोर और ऊंची पहाड़ियों पर हल्का हिमपात हुआ। शिमला के रिज मैदान, संजौली, कुफरी और नारकंडा में भी बर्फ के फाहे गिरे। इस हल्के हिमपात और बादलों के कारण राज्य में अधिकतम तापमान में दो से छह डिग्री तक गिरावट आई। ऊना में तापमान सामान्य से छह डिग्री ज्यादा रहा, जबकि कांगड़ा और बिलासपुर में यह चार डिग्री अधिक था। इस समय तापमान ज्यादा होने और हिमपात व बारिश कम होने की वजह से ग्लेशियरों पर पहले से जमी बर्फ भी पिघलने लगी है। उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में भी गुरुवार को दिनभर बादल छाए रहे।

-7.5 डिग्री सेल्सियस रहा कश्मीर के सबसे ठन्डे इलाके का तापमान 

मैदानी इलाकों में धूप तेज होने की वजह से तापमान सामान्य से 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ गया है। कश्मीर में दो दिन की राहत के बाद, ज्यादातर जगहों पर न्यूनतम तापमान फिर से शून्य से नीचे गिरकर माइनस में चला गया। गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान -7.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो कश्मीर का सबसे ठंडा स्थान बना। जम्मू में दिनभर तेज धूप रही, जिससे गर्मी का अहसास हुआ, लेकिन सुबह और शाम की ठंड बनी रही।

यह भी पढ़े:

NSA डोभाल के बाद अब विदेश सचिव जायेंगे चीन, इन मुद्दों पर होगी चर्चा
Vyom Tiwari

Vyom Tiwari

Next Story