सिक्किम में भारतीय सेना के 3 जवान शहीद, 6 जवान लापता, आखिर कैसे हुआ इतना बड़ा हादसा?

सिक्किम में प्रकृति ने एक बार फिर अपना रौद्र रूप दिखाया है। भारी बारिश की वजह से हुए भयानक भूस्खलन ने न सिर्फ आम जिंदगी को प्रभावित किया, बल्कि भारतीय सेना को भी बड़ा झटका दिया।

Vibhav Shukla
Published on: 2 Jun 2025 5:58 PM IST
सिक्किम में भारतीय सेना के 3 जवान शहीद, 6 जवान लापता, आखिर कैसे हुआ इतना बड़ा हादसा?
X

सिक्किम, 2 जून 2025: सिक्किम में प्रकृति ने एक बार फिर अपना रौद्र रूप दिखाया है। भारी बारिश की वजह से हुए भयानक भूस्खलन ने न सिर्फ आम जिंदगी को प्रभावित किया, बल्कि भारतीय सेना को भी बड़ा झटका दिया। लाचेन जिले के छतेन इलाके में सेना का एक कैंप इस लैंडस्लाइड की चपेट में आ गया, जिसमें 3 जवान शहीद हो गए और 6 अब भी लापता हैं। आइए जानते हैं कि ये हादसा हुआ कैसे और क्या है ताजा अपडेट।

कब और कहां मचा कोहराम?

ये दिल दहला देने वाली घटना सिक्किम के लाचेन जिले के छतेन इलाके में हुई। रक्षा विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि रविवार शाम करीब 7 बजे भारी बारिश की वजह से अचानक भयानक लैंडस्लाइड हुआ। इस आपदा ने सेना के कैंप को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में तीन जवानों की जान चली गई, जबकि चार अन्य सैनिकों को मामूली चोटों के साथ बचा लिया गया। लेकिन अभी भी 6 जवान लापता हैं, जिनकी तलाश में रेस्क्यू ऑपरेशन जोर-शोर से चल रहा है।

शहीदों की पहचान और रेस्क्यू का हाल

रक्षा अधिकारियों के मुताबिक, इस हादसे में शहीद होने वाले जवानों के नाम हैं- हवलदार लखबिंदर सिंह, लांस नायक मनीष ठाकुर और पोर्टर अभिषेक लखड़ा। इनके पार्थिव शरीर बरामद कर लिए गए हैं। रेस्क्यू टीमें दिन-रात एक कर लापता 6 जवानों को ढूंढने में जुटी हैं। मुश्किल इलाका और खराब मौसम के बावजूद, टीमें पूरी ताकत से सर्च ऑपरेशन चला रही हैं।

चुनौती भरा रेस्क्यू ऑपरेशन

लाचेन का इलाका ऊंचाई पर है और मौसम की मार ने हालात को और मुश्किल बना दिया है। फिर भी, भारतीय सेना, एनडीआरएफ, और स्थानीय प्रशासन मिलकर रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटे हैं। चार सैनिकों को सुरक्षित निकाल लिया गया है, जिन्हें हल्की चोटें आई हैं। लेकिन बाकी लापता जवानों को ढूंढना अभी भी एक बड़ी चुनौती बना हुआ है।

Vibhav Shukla

Vibhav Shukla

Next Story