रिंकू सिंह और सपा सांसद प्रिया सरोज ने की सगाई, रिंग पहनते ही इमोशनल दिखीं होने वाली दुल्हन
इंडियन क्रिकेटर रिंकू सिंह और समाजवादी पार्टी की सांसद प्रिया सरोज 8 जून 2025 को सगाई कर चुके हैं। उन्होंने लखनऊ के पांच सितारा होटल 'Centrum' में कई दिग्गज राजनेताओं, क्रिकेटर्स और परिवारजनों की मौजूदगी में सगाई की।
रिंकू सिंह और प्रिया सरोज ने की सगाई
रिंकू सिंह और प्रिया सरोज एक-दूजे का हाथ थामकर स्टेज तक पहुंचे, जहां उन्होंने एक-दूसरे को अंगूठी पहनाई। इसके अलावा, उन्होंने वहां प्री-इंगेजमेंट शूटिंग भी कराई। कपल के इंगेजमेंट लुक की बात करें, तो क्रिकेटर ने व्हाइट कुर्ता-पायजामा और लॉन्ग जैकेट पहनी थी। वहीं, उनकी पार्टनर प्रिया लाइट पिंक कलर के लहंगे में बेहद प्यारी लग रही थीं। अंगूठी पहनाने की रस्म के बाद प्रिया काफी भावुक भी दिखीं।
रिंकू सिंह और प्रिया सरोज की सगाई में शामिल हुए ये दिग्गज
रिंकू और प्रिया की सगाई में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव, शिवपाल यादव, रामगोपाल यादव, जया बच्चन, धर्मेंद्र यादव, संभल के सांसद जियाउर्र रहमान बर्क शामिल हुए। वहीं, रिंकू की तरफ से पूर्व क्रिकेटर प्रवीण कुमार, पीयूष चावला और यूपी रणजी टीम के कप्तान आर्यन जुयाल व भुवनेश्वर कुमार शामिल हुए।
प्रिया सरोज के बारे में
बता दें कि यूपी की सबसे युवा सांसद प्रिया सरोज ने 2024 के लोकसभा चुनाव में जौनपुर के मछलीशहर लोकसभा सीट जीती थी। उनके पिता तूफानी सरोज पार्टी के कद्दावर नेता माने जाते हैं। प्रिया का जन्म 23 नवंबर 1998 को वाराणसी में हुआ था। प्रिया उन सात सांसदों में हैं, जिनकी उम्र 25 की थी। वह पेशे से एडवोकेट भी हैं। वह सुप्रीम कोर्ट में वकालत करती हैं।
रिंकू सिंह के बारे में
रिंकू की बात करें, तो उन्हें आईपीएल के लिए जाना जाता है, जो अब तक इंडियन क्रिकेट टीम के लिए 33 टी-20 और 2 वनडे मैच खेल चुके हैं। वनडे में उन्होंने 27 की औसत से 55 रन और टी-20 में 42 की एवरेज से 546 रन बनाए हैं। रिंकू ने उस वक्त सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया था, जब 9 अप्रैल 2023 को नरेन्द्र मोदी स्टेडियम में गुजरात टाइटंस के यश दयाल के एक ओवर में लगातार पांच छक्के लगाए थे। इस मैच में केकेआर को जीतने के लिए 6 गेंद में 29 रन चाहिए थे। तो रिंकू ने लगातार 5 छक्के लगाकर टीम को अहम जीत दिलाई थी।
ये भी पढ़ें: