'ईद पर दंगे और विस्फोट की धमकी': मुंबई पुलिस को सोशल मीडिया पर चेतावनी, सुरक्षाबल हुआ सतर्क

सोशल मीडिया पर ईद के दौरान दंगे और विस्फोट की धमकी के बाद मुंबई और दिल्ली पुलिस हाई अलर्ट पर है। जानें, क्या है पूरा मामला।

Rohit Agrawal
Published on: 29 March 2025 11:34 AM IST
ईद पर दंगे और विस्फोट की धमकी: मुंबई पुलिस को सोशल मीडिया पर चेतावनी, सुरक्षाबल हुआ सतर्क
X

Riots On Eid: ईद का त्योहार नज़दीक आते ही देशभर में तैयारियाँ जोरों पर हैं, लेकिन इस बीच मुंबई पुलिस (mumbai police) को सोशल मीडिया पर मिली एक धमकी ने माहौल को तनावपूर्ण बना दिया है। दरअसल आगामी ईद के दौरान दंगे, आगजनी और बम विस्फोट की आशंका जताने वाला यह संदेश इतना गंभीर था कि मुंबई में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने तुरंत एक्शन लेते हुए पूरे शहर में सुरक्षा कड़े कर दिए गए। यह धमकी सिर्फ मुंबई तक सीमित नहीं रही। दिल्ली पुलिस को भी इसी तरह का संदेश मिला, जिसने सतर्कता को और बढ़ा दिया है।

डोंगरी जैसे अल्पसंख्यक बहुल इलाकों के लिए मिली धमकी

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर गुरुवार सुबह यह चेतावनी सामने आई, जिसमें मुंबई पुलिस को सतर्क रहने को कहा गया। संदेश में दावा किया गया कि डोंगरी जैसे संवेदनशील इलाकों में "कुछ अवैध रोहिंग्या, बांग्लादेशी और पाकिस्तानी घुसपैठिए" हिंदू-मुस्लिम दंगे, आगजनी और बम विस्फोट कर सकते हैं। इस पोस्ट में नवी मुंबई पुलिस को टैग किया गया था, जिसके बाद मुंबई पुलिस ने इसे गंभीरता से लिया। डोंगरी, जो दक्षिण मुंबई का अल्पसंख्यक बहुल इलाका है, में गश्त बढ़ा दी गई और हर गतिविधि पर नज़र रखी जा रही है।

साइबर सेल को सक्रिय कर मुंबई पुलिस ने लिया एक्शन

मुंबई पुलिस ने इस धमकी को हल्के में नहीं लिया। अधिकारियों ने बताया कि पूरे महानगर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। डोंगरी सहित संवेदनशील इलाकों में पुलिस की मौजूदगी बढ़ाई गई, और अब तक कोई संदिग्ध गतिविधि नहीं मिली है। क्राइम ब्रांच, आतंकवाद निरोधक दस्ता और विशेष शाखा भी निगरानी में जुटे हैं। साइबर सेल ने इस पोस्ट के पीछे के शख्स का पता लगाने के लिए तकनीकी जांच शुरू कर दी है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, "हम हर पहलू पर नज़र रख रहे हैं ताकि शहर में शांति बनी रहे।"

दिल्ली में भी खतरे की घंटी

यह धमकी सिर्फ मुंबई तक सीमित नहीं थी। उसी शख्स ने दिल्ली पुलिस और मुख्यमंत्री को भी इसी तरह का संदेश भेजा। इसमें चांदनी चौक, जामा मस्जिद और जहांगीरपुरी जैसे इलाकों में ईद के दौरान दंगे और विस्फोट की चेतावनी दी गई। हालाँकि, दिल्ली पुलिस और यूपी पुलिस ने अभी तक इस पर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है। इससे पहले, आखिरी जुमे की नमाज़ को देखते हुए दिल्ली में सुरक्षा बढ़ाई गई थी। पूर्वी दिल्ली में पुलिस ने हर थाने को कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए तैयार रहने को कहा था।

त्योहार पर छाया संकट का साया

ईद-उल-फितर का जश्न रमज़ान के बाद शव्वाल महीने की पहली तारीख को चाँद दिखने पर तय होता है। इस बार यह 31 मार्च या 1 अप्रैल को पड़ सकता है। देशभर में अलविदा जुमे की नमाज़ के साथ तैयारियाँ चरम पर हैं, लेकिन इस धमकी ने त्योहार के उत्साह पर सवाल खड़े कर दिए हैं। मुंबई पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत दें। यह भी पढ़ें: सड़क पर नमाज, काली पट्टी और फूलों की बारिश: रमजान के आखिरी जुमे पर क्यों गरमाई राजनीति? मेट्रो शहर से बाहर घर खरीदना हुआ महंगा! पेरिफेरल इलाकों में क्यों उछल रहीं हैं प्रॉपर्टी की कीमतें?
Rohit Agrawal

Rohit Agrawal

Next Story