आदित्य रॉय कपूर के घर में घुसी अनजान महिला, पुलिस ने किया गिरफ्तार, केस दर्ज
बीते दिनों सुपरस्टार सलमान खान के घर गैलेक्सी अपार्टमेंट में दो अलग-अलग लोगों के जबरन घुसने की खबर सामने आई थी। हालांकि, बाद में दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया था। अब, बॉलीवुड एक्टर आदित्य रॉय कपूर के घर में एक महिला के घुसने का मामला सामने आया है। पुलिस ने महिला को हिरासत में ले लिया है और उस पर घर में जबरदस्ती घुसने का मामला दर्ज किया गया है।
आदित्य रॉय कपूर के घर में घुसी महिला, हुई गिरफ्तार
रिपोर्ट्स के मुताबिक, एक अनजान महिला ने सोमवार शाम करीब 6 बजे एक्टर आदित्य रॉय कपूर के घर में घुसने की कोशिश की, जो बांद्रा वेस्ट में स्थित है। पुलिस ने महिला को गिरफ्तार कर लिया है। इस बारे में पुलिस ने बताया है कि अभिनेता शूटिंग के लिए घर से बाहर गए हुए थे। इस बीच, उनके घर में किसी महिला ने घर में घुसने की कोशिश की। घर का दरवाज़ा उनकी हाउस हेल्प संगीता पवार ने खोला था। तब महिला ने संगीता से पूछा, 'क्या यह आदित्य रॉय कपूर का घर है'। वहीं, जब उसे पुष्टि हो गई कि वह आदित्य का घर है, तो उसने कहा कि वह एक्टर को कपड़े और गिफ्ट देने आई है। ऐसे में संगीता ने उसे घर में बुला लिया।
पुलिस शिकायत में कहा गया है कि महिला ने संगीता को बताया कि 6 बजे उनकी आदित्य के साथ मीटिंग है। वहीं, जब कुछ समय बाद अभिनेता घर लौटे, तो उनकी हाउस हेल्प संगीता ने उन्हें दुबई महिला के बारे में बताया, तो आदित्य ने बताया कि वह उस महिला को नहीं जानते।
शिकायत के मुताबिक, फिर महिला एक्टर के करीब आने की कोशिश करने लगी, तो संगीता ने उससे बाहर जाने के लिए कहा। जब वह नहीं मानी तो फिर घर के मैनेजर सहित अन्य मैनेजर को बुलाया गया और पुलिस को जानकारी दी गई।
आदित्य के घर में घुसी महिला पर केस दर्ज
बता दें कि आदित्य के घर में घुसने वाली महिला के खिलाफ अतिक्रमण का केस दर्ज किया गया है। इसके साथ ही उसे नोटिस भी दिया गया है। पुलिस पूछताछ में पता चला है कि महिला का नाम ग़ज़ाला ज़कारिया सिद्दीक़ी है, जो लिवान (दुबई) की रहने वाली है। पुलिस के मुताबिक, महिला आपराधिक इरादों के चलते शक के घेरे में है।
ये भी पढ़ें: