जल्द होगी मानसून की दस्तक, मिलेगी कुछ ही दिन में गर्मी से राहत, IMD ने जारी किया नया अलर्ट

Sunil Sharma
Published on: 14 May 2025 8:25 AM IST
जल्द होगी मानसून की दस्तक, मिलेगी कुछ ही दिन में गर्मी से राहत, IMD ने जारी किया नया अलर्ट
X
देशभर में चिलचिलाती धूप और झुलसाने वाली गर्मी से परेशान लोगों के लिए राहत भरी खबर आई है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने बताया है कि मानसून ने अंडमान सागर में दस्तक दे दी है, और अब यह अगले कुछ दिनों में देश के अन्य हिस्सों में भी तेजी से फैल सकता है। इसका मतलब है कि गर्मी से निजात मिलने का वक्त अब ज़्यादा दूर नहीं है।

अंडमान से चली मानसूनी बयार

मंगलवार, 14 मई को मौसम विभाग ने पुष्टि की कि दक्षिण-पश्चिम मानसून ने बंगाल की खाड़ी के दक्षिणी हिस्सों, अंडमान निकोबार द्वीप समूह और उत्तरी अंडमान सागर के कुछ इलाकों को कवर कर लिया है। अगले 3-4 दिनों में मानसून के और आगे बढ़ने की संभावना जताई गई है। यह संकेत है कि जून की शुरुआत से पहले ही कई हिस्सों में बारिश शुरू हो सकती है।

दिल्ली-NCR में फिर लौटेगी लू

हालांकि हालिया हल्की बारिश से राजधानी दिल्ली और एनसीआर में लोगों ने थोड़ी राहत महसूस की थी, लेकिन अब मौसम फिर करवट ले चुका है। 14 मई से लू चलने का अलर्ट जारी किया गया है और अगले तीन दिन तापमान 40 डिग्री के पार जा सकता है। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार 16 मई को बारिश की संभावना है, लेकिन उससे पहले भीषण गर्मी और उमस लोगों की मुश्किलें बढ़ा सकती है। IMD ने 16 मई को गरज-चमक के साथ तेज बारिश की चेतावनी दी है।
Aaj ka mausam Hindi

उत्तराखंड में बारिश तो हरियाणा में आंधी-ओले की संभावना

अगर आप पहाड़ों की ओर रुख करने का सोच रहे हैं, तो आपको ठंडक मिल सकती है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली और पिथौरागढ़ में हल्की बारिश की संभावना है। उत्तर भारत में गर्मी से बचने का फिलहाल यही एक सुकून भरा विकल्प है। हरियाणा में मौसम एकदम पलटने वाला है। IMD ने तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया है। बीते 24 घंटों में भी प्रदेश में कई इलाकों में मौसम बदला हुआ था, जो अगले कुछ दिन जारी रह सकता है।

झारखंड में हीटवेव की चेतावनी

झारखंड के लोगों को फिलहाल राहत नहीं मिलने वाली। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 16 मई तक राज्य में लू चलने की संभावना है। 17 मई से तापमान में और तेजी से बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे गर्मी का प्रकोप और बढ़ जाएगा।

बिहार में मॉनसून की दस्तक के संकेत

मौसम विभाग के वैज्ञानिकों ने बिहार के लिए राहत भरी खबर दी है। IMD ने राज्य के 5 जिलों में रेड अलर्ट जारी किया है, जहां आज तेज बारिश की संभावना जताई गई है। 15 मई तक मॉनसून के बिहार में पहुंचने की उम्मीद है। किशनगंज, अररिया, सुपौल जैसे जिलों में चेतावनी दी गई है। पटना का तापमान पहले ही 39 डिग्री के पार पहुंच चुका है, लेकिन मानसून की एंट्री से राहत की उम्मीद है।

यूपी के पूर्वी जिलों में बढ़ेगी तपिश

उत्तर प्रदेश में गर्मी और लू दोनों का डबल अटैक देखने को मिलेगा। IMD ने कहा है कि अगले 3 दिन गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, गोरखपुर, बस्ती जैसे शहरों में तापमान तेजी से बढ़ेगा। पूर्वी उत्तर प्रदेश में लू चलने के आसार भी जताए गए हैं। कुशीनगर, सिद्धार्थनगर और बलरामपुर जैसे जिलों में गर्म हवाओं का असर ज्यादा रहेगा।

मानसून आने को है, लेकिन फिलहाल सावधानी जरूरी

जहां एक ओर मानसून के आने की खबर ने देशभर में उम्मीद जगा दी है, वहीं अगले कुछ दिन गर्मी और लू के लिहाज से बेहद चुनौतीपूर्ण रहने वाले हैं। अगर आप बाहर निकलते हैं तो खुद को धूप और गर्म हवाओं से बचाकर रखें। अगले हफ्ते से मौसम में बड़ी राहत की संभावना है।
यह भी पढ़ें:
Aaj Ka Mausam: 2025 बनेगा अब तक का सबसे गर्म साल, पारा अभी से 45 डिग्री पहुंचा Aaj Ka Mausam: मौसम का यू-टर्न, तेज गर्मी से मिली राहत, कई जगहों पर 11 डिग्री तक गिरा पारा दिल्ली, यूपी, बिहार में जारी हुआ बारिश का अलर्ट, जानें कहां आएगी राहत और कहां होगी गर्मी की मार
Sunil Sharma

Sunil Sharma

Next Story