Lok Sabha Elections 2024: 26 को EVM में बंद होगा राजस्थान की 13 सीटों पर 152 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला, 2.80 करोड़ मतदाता करेंगे मतदान

Chandramauli
Published on: 25 April 2024 10:07 AM IST
Lok Sabha Elections 2024: 26 को EVM में बंद होगा राजस्थान की 13 सीटों पर 152 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला, 2.80 करोड़ मतदाता करेंगे मतदान
X
Lok Sabha Elections 2024: जयपुर। लोकसभा के दूसरे चरण का प्रचार थम गया है। इस चरण में राजस्थान की 13 सीटों पर मतदान होना है। इसमें कुल 152 प्रत्याशियों का भाग्य 26 अप्रैल को ईवीएम में कैद हो जाएगा। राज्य की इन 13 सीटों पर 2.80 करोड़ मतदाता ही अब इन प्रत्याशियों के भाग्य विधाता होंगे।
28 हजार 756 मतदान केंद्रों पर होगा मतदान
राजस्थान राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रवीण गुप्ता ने बताया कि लोकसभा चुनाव 2024 में दूसरे चरण के मतदान के लिए निर्वाचन विभाग तैयार है। इस चरण के लिए राज्य में 28,105 मतदान केन्द्र और 651 सहायक मतदान केन्द्रों बनाए गए हैं। इन दोनों को मिला लें तो राज्य में 28,756 मतदान केन्द्र हैं। सभी जगह व्यवस्थाएं दुरुस्त हैं। आज शाम तक सभी जगह मतदान कर्मी मोर्चा संभाल लेंगे। सभी जगह पुलिस का भी पर्याप्त जाब्ता तैनात रहेगा।
13 सीटों पर 152 प्रत्याशी
राज्य की बाकी बची 13 लोकसभा सीटों पर 26 अप्रैल को मतदान किया जाएगा। जिसमें 152 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला जनता मतदान के माध्यम से करेगी। इनमें 145 पुरूष और 7 महिलाएं हैं। सर्वाधिक 18 प्रत्य़ाशी चित्तौड़गढ़ और सबसे कम 7 प्रत्य़ाशी झालावाड़-बारां लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र में है। राजस्थान में दूसरे चरण में टोंक- सवाई माधोपुर, अजमेर, पाली, जोधपुर, बाड़मेर-जैसलमेर, जालौर- सिरोही, उदयपुर, बांसवाड़ा, चित्तौड़गढ़, राजसमंद, भीलवाड़ा, कोटा और झालावाड़-बारां 13 लोकसभा सीटों पर मतदान होना है।
यह भी पढ़ें :
Loksabha Election 2024 : 13 राज्यों की 88 सीटों पर वोटिंग का काउंटडाउन, घमासान के बाद थमा चुनावी शोर
2,80,78,399 मतदाता करेंगे फैसला
निर्वाचन विभाग से मिले आंकड़ों के मुताबिक 13 लोकसभा क्षेत्रों में कुल 2 करोड़ 80 लाख 78 हजार 399 मतदाता मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे। इनमें 1 करोड़ 44 लाख 48 हजार 966 पुरुष और 1 करोड़ 36 लाख 2 हजार 272 महिला तथा 324 थर्ड जेंडर मतदाता पंजीकृत हैं। 26,837 सर्विस वोटर भी इन लोकसभा क्षेत्रों में हैं। पाली में सर्वाधिक 23 लाख 48 हजार 274 मतदाता रजिस्टर्ड हैं। अजमेर लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र में सबसे कम 19 लाख 99 हजार 399 मतदाता रजिस्टर्ड हैं। राज्य में 3 लाख 22 हजार 829 दिव्यांग मतदाता और 3 लाख एक हजार 742 मतदाता 85 वर्ष से अधिक आयु के हैं। 18-19 वर्ष आयु के 8 लाख 66 हजार 325 नव मतदाता भी मतदान करेंगे।
दो पूर्व मुख्यमंत्रियों की साख दांव पर
लोकसभा के दूसरे चरण में राज्य के दो पूर्व मुख्यमंत्रियों की प्रतिष्ठा दांव पर है। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के पुत्र वैभव गहलोत जालोर - सिरोही सीट से प्रत्याशी हैं। वहीं झालावाड़- बारां सीट से पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के बेटे दुष्यंत चुनाव मैदान में हैं। दोनों पूर्व मुख्यमंत्री लगातार अपने बेटों में क्षेत्रों में प्रचार में जुटे हुए थे।
यह भी पढ़ें : 
Loksabha Election 2024 Bundi : पायलट ने मोदी और बिरला पर लगाया बड़ा आरोप, कहा – विकास के नाम पर दोनों ने जनता को ठगा
भाटी ने बिगाड़ा बाड़मेर - जैसलमेर सीट का समीकरण
राज्य की ज्यादातर सीटों पर सीधी फाइट है। लेकिन बाड़मेर-जैसलमेर सीट ऐसी सीट है जिस पर बीजेपी कांग्रेस को निर्दलीय उम्मीदवार टक्कर दे रहे हैं। भाजपा से केंद्रीय मंत्री कैलाश चौधरी मैदान में है। वहीं कांग्रेस ने यहां उम्मेदाराम बेनीवाल को प्रत्याशी बनाया है। लेकिन निर्दलीय विधायक रविंद्र भाटी ने मैदान में ताल ठोक दी। इससे मुकाबला काफी कड़ा और रोमांचक हो गया है।
Chandramauli

Chandramauli

Next Story