सोने की चमक पड़ी फीकी, एक महीने में भारी गिरावट से निवेशक सहमे, आगे क्या होगा?

Sunil Sharma
Published on: 15 May 2025 1:41 PM IST
सोने की चमक पड़ी फीकी, एक महीने में भारी गिरावट से निवेशक सहमे, आगे क्या होगा?
X
एक वक्त था जब सोने की कीमतें आसमान छू रही थीं और लोगों को लगा था कि अब ये कभी थमने वाली नहीं। लेकिन अब वही सोना अपनी चमक खोता नजर आ रहा है। बीते एक महीने में सोने के दाम में जबरदस्त गिरावट आई है और निवेशकों की नींद उड़ चुकी है।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में 10% की गिरावट, वजह क्या है?

अप्रैल में जहां सोना अंतरराष्ट्रीय बाजार में रिकॉर्ड $3,500 प्रति औंस तक पहुंच गया था, वहीं अब ये $3,140 प्रति औंस पर आ चुका है। यानी करीब 10 प्रतिशत की गिरावट। बीते कारोबारी सत्र में ही सोने ने करीब 2 प्रतिशत का और गोता लगाया, जिससे यह पांच हफ्तों के न्यूनतम स्तर पर आ गया।
Gold Rate Hike, Gold Price Today,

चीन-अमेरिका के बीच व्यापारिक सहमति से गिरा सोना

इस गिरावट के पीछे सबसे बड़ा कारण है अमेरिका और चीन के बीच बनी व्यापारिक सहमति। जिन दो महाशक्तियों के बीच टैरिफ को लेकर युद्ध की स्थिति बन गई थी, उन्होंने अब 90 दिनों के लिए आयात शुल्क घटाने का समझौता कर लिया है। अमेरिका ने चीनी उत्पादों पर टैरिफ 145% से घटाकर 30% कर दिया है। इसी तरह चीन ने अमेरिकी सामानों पर टैक्स 125% से घटाकर 10% कर दिया है।

भू-राजनीतिक तनाव में नरमी, सोने की मांग घटी

इतना ही नहीं, अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप अब भारत, जापान, दक्षिण कोरिया जैसे देशों के साथ भी सौहार्दपूर्ण व्यापारिक संबंध बनाने में जुटे हैं। साथ ही, मिडिल ईस्ट में भी उनके दौरे से सीरिया पर लगे प्रतिबंधों में राहत मिलने की उम्मीद है। इससे दुनिया भर में भू-राजनीतिक तनाव में कमी आई है। और जब तनाव कम होता है, तो निवेशक सोने जैसे सुरक्षित निवेश से दूरी बनाने लगते हैं। यही वजह है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की मांग फिलहाल ठंडी पड़ी है।
Gold Rate

भारत में भी गिरा सोना, 8,750 रुपये सस्ता

भारतीय बाजार में भी गिरावट का असर साफ दिखा है। 23 अप्रैल को सोना ₹1,00,000 प्रति 10 ग्राम के रिकॉर्ड स्तर पर था। लेकिन अब ये गिरकर ₹91,250 तक आ गया है। यानी सिर्फ एक महीने में ₹8,750 (8.75%) की सीधी गिरावट।

निवेशक परेशान, लेकिन विकल्प क्या हैं?

अब सबसे बड़ा सवाल—क्या यही सही समय है निवेश का, या कीमतें और गिरेंगी? विशेषज्ञों की राय में, बाजार की मौजूदा स्थितियां देखकर ये कहा जा सकता है कि सोना अभी और गिर सकता है। अगला संभावित सपोर्ट लेवल ₹87,000 से ₹88,000 के बीच हो सकता है। हालांकि, लंबे समय के निवेशकों के लिए यह गिरावट एक मौका बन सकती है। लेकिन अल्पकालिक निवेशकों को थोड़ी सावधानी बरतनी चाहिए।
यह भी पढ़ें:
Gold ने बना दिया रिकॉर्ड, 10 ग्राम का रेट पहुंचा पहली बार ₹1 लाख के पार! Gold Price Crash: धमाका नहीं, धड़ाम! सोना लुढ़का ₹3900, जानिए कितना और गिरेगा सोना? Gold Price: सोने के कम हुए दाम.... मगर, खरीदते वक्त रहें सावधान ! किन बातों का रखें ध्यान ? 
Sunil Sharma

Sunil Sharma

Next Story