Oscars 2026: माइकल बी जॉर्डन सर्वश्रेष्ठ अभिनेता, जेसी बकली सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री; 'वन बैटल आफ्टर अनदर' को बेस्ट फ़िल्म का अवार्ड
98वां एकेडमी अवार्ड्स समारोह लॉस एंजिल्स के हॉलीवुड स्थित डॉल्बी थिएटर में आयोजित किया गया।
Oscars 2026: इस वर्ष के ऑस्कर पुरस्कारों की घोषणा हो गयी है। 98वें एकेडमी अवॉर्ड्स में अभिनेता माइकल बी जॉर्डन को 'सिनर्स' के लिए बेस्ट एक्टर का अवॉर्ड मिला तो वहीँ जेसी बकले ने 'हैमनेट' के लिए बेस्ट एक्ट्रेस का अवॉर्ड जीता। 'वन बैटल आफ्टर अनदर' को बेस्ट पिक्चर का ऑस्कर अवॉर्ड मिला।
98वां एकेडमी अवार्ड्स समारोह लॉस एंजिल्स के हॉलीवुड स्थित डॉल्बी थिएटर में आयोजित किया गया। भारत में इसका सीधा प्रसारण सुबह 4:30 बजे (IST) रेड कार्पेट इवेंट के साथ शुरू हुआ, जिसके बाद अवार्ड्स वितरण समारोह हुआ।
इस साल, ऑस्कर की मेज़बानी लेट-नाइट होस्ट कोनन ओ'ब्रायन कर रहे हैं, जिन्होंने 2025 के शो की भी मेज़बानी की थी। अभिनेत्री-निर्माता प्रियंका चोपड़ा ने ऑस्कर विजेता जेवियर बार्डेम के साथ मिलकर 'सर्वश्रेष्ठ अंतर्राष्ट्रीय फीचर फिल्म' का ऑस्कर प्रदान किया।
सिनर्स को मिले चार अवार्ड
'ब्लैक पैंथर' के निर्देशक रयान कूगलर की फिल्म 'सिनर्स', जो इस सीज़न में 16 नामांकन के साथ अवार्ड्स की दौड़ में सबसे आगे थी, केवल चार अवार्ड्स ही जीत पाई। ये अवार्ड्स हैं: सर्वश्रेष्ठ मूल पटकथा, सर्वश्रेष्ठ मूल संगीत, सर्वश्रेष्ठ सिनेमैटोग्राफी, और माइकल बी. जॉर्डन के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का अवार्ड।
वन बैटल आफ्टर अनदर को मिले पांच अवार्ड
इस रात की सबसे बड़ी विजेता फिल्म रही 'वन बैटल आफ्टर अनदर', जिसने 'सर्वश्रेष्ठ फिल्म' का सर्वोच्च सम्मान अपने नाम किया, और इसके साथ ही पांच अन्य अवार्ड्स भी जीते। जिन अन्य श्रेणियों में इस फिल्म ने अवार्ड्स जीते, वे हैं: सर्वश्रेष्ठ कास्टिंग, सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेत्री, सर्वश्रेष्ठ रूपांतरित पटकथा, पॉल थॉमस एंडरसन के लिए सर्वश्रेष्ठ निर्देशक, और सर्वश्रेष्ठ संपादन।
'सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री' के ऑस्कर की प्रबल दावेदार जेसी बकले ने यह अवार्ड जीता। 'सर्वश्रेष्ठ वेशभूषा', 'सर्वश्रेष्ठ केश-सज्जा और मेकअप', और 'सर्वश्रेष्ठ निर्माण डिज़ाइन' श्रेणियों में तीन अवार्ड्स जीतकर, 'फ्रेंकस्टीन' 98वें एकेडमी अवार्ड्स में तीसरी सबसे बड़ी विजेता फिल्म बनकर उभरी।


