आप और कांग्रेस में तकरार, आप ने की कांग्रेस पार्टी को इंडिया गठबंधन से बाहर करने की मांग

दिल्ली सीएम आतिशी और सांसद संजय सिंह ने कांग्रेस पार्टी से अजय माकन के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा है। माकन ने केजरीवाल को राष्ट्र विरोधी कहा है।

Girijansh Gopalan
Published on: 26 Dec 2024 4:37 PM IST
आप और कांग्रेस में तकरार, आप ने की कांग्रेस पार्टी को इंडिया गठबंधन से बाहर करने की मांग
X
दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 से पहले कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के बीच तकरार बढ़ती हुई दिख रही है। दरअसल दिल्ली सीएम आतिशी और सांसद संजय सिंह ने कांग्रेस को इंडिया गठबंधन से बाहर करने की बात कही है। इसके अलावा इन नेताओं ने गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस करके कांग्रेस नेता अजय माकन पर कार्रवाई की मांग की है।

जानिए क्या है मामला?

राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने कहा कि कांग्रेस नेता अजय माकन ने अरविंद केजरीवाल को राष्ट्र विरोधी कहा है। उन्होंने कहा कि इसके बाद कांग्रेस पार्टी को 24 घंटे के अंदर उनके खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने आगे कहा कि अगर कांग्रेस ऐसा नहीं करती है, तो आम आदमी पार्टी इंडिया गठबंधन के नेताओं से मांग करेगी कि कांग्रेस को इंडिया गठबंधन से हटाया जाए। संजय सिंह ने यह भी आरोप लगाया है कि ऐसा प्रतीत होता है कि दिल्ली चुनाव के लिए कांग्रेस के उम्मीदवारों की सूची बीजेपी ने तैयार की है। इसका उद्देश्य आप पार्टी को नुकसान पहुंचाना है।

कांग्रेस बीजेपी की कर रही है मदद?

संजय सिंह ने यह भी आरोप लगाया है कि कांग्रेस दिल्ली चुनाव में बीजेपी को जीतने में मदद करने के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के अजय माकन बीजेपी की लिखी पटकथा पढ़ रहे हैं। संजय सिंह ने यह भी कहा कि संदीप दीक्षित ने खुलेआम नोट बांटने वाले प्रवेश वर्मा के खिलाफ कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई,आखिर क्यों? बता दें कि कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित नई दिल्ली सीट से अरविंद केजरीवाल के खिलाफ चुनावी मैदान में उतरे हैं।

माकन ने केजरीवाल को कहा राष्ट्रविरोधी

कांग्रेस ने दिल्ली विधानसभा चुनाव को लेकर बुधवार को आम आदमी पार्टी सरकार और केंद्र की भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के नेतृत्व वाली सरकार के खिलाफ श्वेत पत्र जारी किया था। इस दौरान कांग्रेस के नेता अजय माकन ने कई आरोप लगाए हैं। माकन ने केजरीवाल को लेकर यह भी कहा है कि केजरीवाल को समर्थन देना गलती थी और गठबंधन भी भूल थी। केजरीवाल भरोसे के योग्य नहीं है, उनकी कोई विचारधारा नहीं है, केजरीवाल सिर्फ राष्ट्र विरोधी हैं।

बीजेपी और कांग्रेस की सांठगांठ

दिल्ली सीएम आतिशी ने कहा कि आप को हराने और बीजेपी को जीताने के लिए कांग्रेस ने सांठगांठ की है। उन्होंने कहा कि अगर ऐसा नहीं है, तो कांग्रेस 24 घंटे में अजय माकन के खिलाफ कार्रवाई करे, यूथ कांग्रेस के खिलाफ कार्रवाई करे, जिन्होंने मेरे और अरविंद केजरीवाल के खिलाफ एफआईआर कराई है। बता दें कि आम आदमी पार्टी और कांग्रेस इंडिया गठबंधन में शामिल है। हालांकि इस बार दिल्ली विधानसभा चुनाव में दोनों ही पार्टी ने अलग-अलग चुनाव लड़ने का फैसला किया है। ये भी पढ़ें:केजरीवाल के निशाने पर क्यों हैं परवेश वर्मा? जानिए पूरी कहानी
Girijansh Gopalan

Girijansh Gopalan

Next Story