1 जून से बदलेंगे रोजमर्रा के 8 बड़े नियम, जेब पर पड़ेगा सीधा असर!
हर महीने की पहली तारीख कुछ न कुछ नया लेकर आती है—कभी राहत, तो कभी महंगाई का तड़का। इस बार भी 1 जून 2025 से 8 अहम बदलाव होने जा रहे हैं, जिनका सीधा असर आपकी जेब, बैंक खाते और रोजमर्रा के खर्चों पर पड़ेगा। चाहे LPG सिलेंडर के दाम हों या UPI पेमेंट का तरीका, इन बदलावों को जानना जरूरी है, ताकि आप सही समय पर सही फैसले ले सकें।
1. EPFO 3.0: PF निकासी अब और आसान
सरकार EPFO का नया वर्जन 3.0 लॉन्च करने जा रही है। इसके लागू होने से पीएफ निकालना बेहद आसान हो जाएगा। खास बात ये है कि अब आप ATM या UPI से भी पैसा निकाल सकेंगे। इससे देश के 9 करोड़ से अधिक PF खाताधारकों को राहत मिलेगी। लंबे समय से चली आ रही प्रक्रियाओं को अब डिजिटल रूप से अधिक प्रभावी और तेज़ बनाया जा रहा है।
2. आधार अपडेट की मुफ्त सुविधा बंद
अगर आपने अब तक आधार कार्ड फ्री में अपडेट नहीं कराया है, तो 14 जून तक का समय बचा है। उसके बाद अपडेट कराने पर ₹50 का शुल्क देना पड़ेगा। UIDAI ने मुफ्त अपडेट सुविधा केवल पोर्टल पर दी थी, जिसे अब समाप्त किया जा रहा है। इसलिए नाम, पता या जन्मतिथि में कोई बदलाव चाहिए, तो जल्दी करें।
3. क्रेडिट कार्ड पर बाउंस चार्ज और ब्याज में इजाफा
कोटक महिंद्रा बैंक के क्रेडिट कार्ड यूज़र्स के लिए बुरी खबर है। अगर आपका ऑटो डेबिट ट्रांजैक्शन फेल होता है, तो अब 2% का बाउंस चार्ज देना पड़ेगा, जिसकी राशि ₹450 से ₹5000 तक हो सकती है। साथ ही, बैंक अपने ज्यादातर कार्ड्स पर मंथली फाइनेंस चार्ज को 3.50% से बढ़ाकर 3.75% करने की योजना में है। यानी अब क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल और महंगा हो सकता है।
4. CNG, PNG और ATF के दामों में बदलाव
हर महीने की तरह, इस बार भी 1 जून को गैस और विमानन ईंधन (ATF) की कीमतों में बदलाव संभव है। मई में जहां कीमतों में कटौती देखी गई थी, अब जून की शुरुआत में CNG, PNG और ATF की नई दरें लागू होंगी। इससे ट्रांसपोर्ट और हवाई यात्रा पर खर्च बढ़ या घट सकता है।
5. LPG सिलेंडर की नई कीमत
हर महीने की पहली तारीख को LPG सिलेंडर के दाम तय होते हैं। मई में घरेलू सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं हुआ था, लेकिन कमर्शियल सिलेंडर ₹17 सस्ता हुआ था। अब जून में ये देखना दिलचस्प होगा कि क्या घरेलू उपभोक्ताओं को कुछ राहत मिलती है या जेब पर फिर भार बढ़ता है।
6. FD पर ब्याज दरों में बदलाव
RBI की पॉलिसी के बाद बैंक FD और लोन की ब्याज दरें बदलने लगी हैं। उदाहरण के तौर पर, सुर्योदय स्मॉल फाइनेंस बैंक ने अपनी 5 साल की FD पर ब्याज 8.6% से घटाकर 8% कर दिया है। यानी जून में बैंकिंग निवेश करने वालों को पहले से ज्यादा सजग रहना होगा।
7. म्यूचुअल फंड में नया कट-ऑफ टाइम
SEBI ने ओवरनाइट म्यूचुअल फंड स्कीम्स के लिए नया नियम लागू किया है। अब ऑफलाइन निवेश 3 बजे तक और ऑनलाइन निवेश 7 बजे तक मान्य होगा। इसके बाद किए गए ऑर्डर अगले वर्किंग डे पर माने जाएंगे। यह नियम 1 जून से लागू हो रहा है।
8. UPI ट्रांजैक्शन में नया बदलाव
NPCI ने UPI ट्रांजैक्शन को लेकर एक अहम बदलाव किया है। अब जब आप पेमेंट करेंगे, तो आपको केवल 'अल्टीमेट बेनेफिशियरी' यानी असली रिसीवर का बैंकिंग नाम ही दिखाई देगा। कोई QR कोड या कस्टम नाम नहीं दिखेगा। इससे फर्जी अकाउंट्स में गलत ट्रांसफर की संभावना घटेगी। सभी ऐप्स को 30 जून तक ये नियम लागू करना होगा।
यह भी पढ़ें:
ITR फाइल करने से पहले इन 2 बातों का जरूर रखें ध्यान, नहीं तो फंस सकता है आपका रिफंड!
अब SBI में एफडी पर मिलेगा कम ब्याज – जानिए नई दरें और स्कीम का असर
Bitcoin ने छुआ नया रिकॉर्ड: 1 लाख 11 हजार डॉलर के पार, जानिए क्यों बढ़ रही हैं क्रिप्टोकरेंसी?
.