स्त्री 2: तीन साल में केवल एक फिल्म क्यों की? श्रद्धा कपूर ने खुद किया खुलासा
हाल ही में रिलीज हुई फिल्म ‘स्त्री 2’ की सफलता के बाद, अभिनेत्री श्रद्धा कपूर ने बताया कि उन्होंने पिछले तीन सालों में केवल एक ही फिल्म करने का निर्णय क्यों लिया। मुंबई में एक स्क्रीन लॉन्च इवेंट के दौरान श्रद्धा ने अपने फिल्म चयन के बदलावों के बारे में बात की।
श्रद्धा कपूर ने कहा, “मैं महसूस करती हूं कि मेरा सबसे बेहतरीन काम अभी आना बाकी है। मैं चाहती हूं कि जब मैं किसी फिल्म का हिस्सा बनूं, तो वह मेरे लिए कुछ खास और रोमांचक हो। ऐसी कहानी हो जिसमें एक संदेश हो।” उन्होंने बताया कि पहले वह लगातार फिल्मों में काम कर रही थीं, लेकिन अब उनकी सोच बदल गई है। उन्होंने स्वीकार किया कि “अब मैं एक फिल्म करने में आराम महसूस कर रही हूं।”श्रद्धा ने यह भी कहा, “मैं ऐसी फिल्मों का हिस्सा बनना चाहती हूं जहां मैं एक अभिनेत्री के रूप में खुद को आगे बढ़ा सकूं। मुझे जो पहले किया है, उससे अलग कुछ करना है।”