जानें कैसे हुई थी 'ऑस्कर' अवॉर्ड की शुरुआत, नाम के पीछे की कहानी भी है बेहद रोचक
Oscar Award History: सिनेमा के सबसे बड़े अवॉर्ड फंक्शन यानी 'एकेडमी अवॉर्ड्स' (ऑस्कर 2025) का शानदार आगाज लॉस एंजिल्स के डॉल्बी थिएटर में हुआ। हर किसी की नजरें 97वें एकेडमी अवॉर्ड्स पर टिकी हुई हैं। दरअसल, सिनेमा में अपने बेहतरीन योगदान के लिए दुनियाभर के सितारों को इस अवॉर्ड के जरिए पुरस्कृत किया जाता है, जो वाकई बहुत बड़ी बात होती है। ऑस्कर की ट्रॉफी अपने नाम करने का सपना हर फिल्म स्टार का होता है। यह ट्रॉफी वाकई बेहद खास होती है। वैसे, क्या आप इस ट्रॉफी के बनने, ऑस्कर अवॉर्ड्स और इसके इतिहास (Oscar Award History) के बारे में जानते हैं? अगर नहीं, तो चलिए इस आर्टिकल में हम आपको बताते हैं कि कैसे एकेडमी अवॉर्ड्स की शुरुआत हुई और इसका नाम 'ऑस्कर' क्यों पड़ा। आइए बताते हैं- इसके लिए साल 1927 में 'MGM स्टूडियो' के हेड लुइस बी मेयर ने कुछ अन्य लोगों के साथ एक मीटिंग की थी। जिसका मकसद फिल्म इंडस्ट्री को फायदा पहुंचाना था। जनवरी 1927 में लॉस एंजिल्स के एंबेसेडर होटल में एक डिनर पार्टी होस्ट की गई, जिसमें कुल 36 लोग शामिल हुए और उनके बीच संगठन बनाने के प्रपोजल पर बातचीत हुई। उसी साल मार्च में डगलस फेयरबैंक्स की अध्यक्षता में संगठन के पदाधिकारियों को चुना गया। फिर मई में इस एकेडमी को एनजीओ के तौर पर अनुमति मिली। सबसे पहले इसमें एक्टर, डायरेक्टर, राइटर और तकनीकी विशेषज्ञों को शामिल किया गया था। पहला अवॉर्ड फंक्शन साल 1929 में होस्ट किया गया था।