Apoorva Mukhija: 'इंडियाज गॉट लेटेंट' कंट्रोवर्सी के बाद अपूर्वा मखीजा ने तोड़ी चुप्पी, इंस्टाग्राम पर शेयर की क्रिप्टिक पोस्ट
'इंडियाज गॉट लेटेंट' विवाद के लंबे समय बाद अपूर्वा मखीजा ने इंस्टाग्राम पर वापसी करते हुए एक क्रिप्टिक पोस्ट शेयर की है।
Apoorva Mukhija: सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और एक्ट्रेस अपूर्वा मखीजा उस समय चर्चा में आ गई थीं, जब उन्होंने यूट्यूबर समय रैना के शो 'इंडियाज गॉट लेटेंट' में मां के प्राईवेट पार्ट के बारे में कुछ बेहुदा बातें की थीं। उनके विवादित बयान को लेकर पूरे देश ने उनका विरोध किया था और उनके खिलाफ एफआईआर भी दर्ज की गई थी। इस आक्रोश के बाद अपूर्वा ने इंस्टाग्राम से भी दूरी बनाए हुई थीं। हालांकि, अब वह इंस्टा पर वापस आ गई हैं और आते ही एक क्रिप्टिक पोस्ट शेयर की है। रिपोर्ट्स की मानें, तो इस विवादित एपिसोड के सामने आने के बाद अपूर्वा को सोशल मीडिया पर धमकियां भी मिली थीं, जिसकी वजह से उन्होंने पब्लिकली नजर आना बंद कर दिया था। किसी भी तरह के विवाद से बचने के लिए अपूर्वा अपनी लेटेस्ट रिलीज फिल्म 'नादानियां' के प्रमोशन से भी दूर रही थीं, साथ ही सोशल मीडिया पर भी इस बारे में कुछ पोस्ट नहीं किया था। बता दें कि 'नादानियां' में खुशी कपूर और इब्राहिम अली खान अहम भूमिका में हैं। खैर, अब 'इंडियाज गॉट लेटेंट' के विवाद ने डिजिटल कंटेंट के नियमों को और सख्त बनाने की मांग की है। इस बारे में एक संसदीय समिति ने सूचना और प्रसारण मंत्रालय से संपर्क किया है, जिसमें पॉडकास्ट और ओटीटी प्लेटफ़ॉर्म पर कंटेंट को कंट्रोल करने के लिए कानून बनाने का आग्रह किया गया है।